महाराष्ट्र और केरल में भारी वर्षा से जनजीवन बाधित हुआ, आईएमडी का मानसून के आगे बढ़ने का अनुमान
माधव
- 04 Jul 2026, 10:16 PM
- Updated: 10:16 PM
नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) कई राज्यों में शनिवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और केरल के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया और कहा कि अगले चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं।
मानसून के राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने के दो दिन बाद दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। मौसम कार्यालय ने अनुमान व्यक्त किया है कि शुक्रवार तक हल्की वर्षा होगी और तेज हवा चलेगी।
महाराष्ट्र में मॉनसून के देर से आने के बाद, मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में खूब बारिश हुई। इससे सड़कें धंसने, पेड़ गिरने और घर ढहने की घटनाएं हुईं। सड़क और रेल यातायात भी बाधित हुआ।
लगातार बारिश होने के कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को दोपहर में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छुट्टी की घोषणा करनी पड़ी।
बारिश की वजह से शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप हो गईं और निजी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पश्चिमी रेलवे लाइन की पटरियों पर पानी जमा हो गया, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
पालघर में, बाढ़ के पानी में बह जाने से छह साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि अधिकारियों ने पानी से भरे इलाकों में फंसे 180 से ज़्यादा लोगों को बचाया।
केरल के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे नदियों और बांधों में जलस्तर बढ़ गया, निचले इलाकों में पानी भर गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
इडुक्की ज़िले में, भारी बारिश की वजह से जलाशय का जलस्तर बढ़ने पर अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर पाम्बला बांध के द्वार खोल दिए।
'इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज' ने कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड ज़िलों के तटीय इलाकों के लिए रविवार रात 11.30 बजे तक ऊंची लहरों और समुद्र के कटाव की चेतावनी जारी की।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की।
गुजरात में मॉनसून सक्रिय रहा और जूनागढ़ में 'बहुत ज़्यादा बारिश' हुई, जहां कुछ इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई।
आईएमडी ने मछुआरों को आठ जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
आईएमडी ने मौसम के तंत्र पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के करीब पहुंचने पर बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के लिए 'रेड वॉर्निंग' जारी की।
उसने झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया तथा लोगों से खराब मौसम के लिए तैयार रहने को कहा।
ओडिशा में, मौसम विभाग ने पांच ज़िलों -- कंधमाल, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर -- के लिए बहुत ज़्यादा से लेकर बेहद ज़्यादा बारिश की 'रेड वॉर्निंग' जारी की है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र एक मज़बूत तंत्र में बदल गया है।
आठ और ज़िलों के लिए 'ऑरेंज वॉर्निंग' जारी की गई है।
समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना को देखते हुए, आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे सात जुलाई तक तट के पास और समुद्र में न जाएं।
अरुणाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम साफ होने के साथ ही बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार हुआ। शुक्रवार के बाद से किसी नई जनहानि या बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार से केयी पैन्योर जिले में बाढ़ की केवल एक नई घटना की सूचना मिली है।
राजस्थान के कई हिस्सों में शनिवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी देखी गई।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है, साथ ही कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूंबर और उदयपुर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया।
पंजाब में पटियाला में भारी बारिश हुई, तथा संगरूर और रूपनगर में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक जुलाई को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है और अगले चार दिनों में दोनों राज्यों के बाकी हिस्सों में इसके आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
शिमला मौसम विभाग ने 'ऑरेंज वॉर्निंग' जारी की है, जिसमें सोमवार को मंडी और सिरमौर ज़िलों के कुछ इलाकों में और मंगलवार को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव
0407 2216 दिल्ली