मप्र : ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर की वर्दी पहनकर 40 लाख रुपये की 'लूट', एक गिरफ्तार
सुरेश
- 02 Jul 2026, 11:28 PM
- Updated: 11:28 PM
रतलाम, दो जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में 'क्विक कॉमर्स फर्म' ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर की वर्दी पहनकर 40 लाख रुपये की लूट की झूठी कहानी गढ़ने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर यह रकम बरामद की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरदीन खान (22) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 30 जून को स्थानीय कारोबारी मनीष पटवा ने स्टेशन रोड पुलिस को बताया था कि एक अन्य कारोबारी गौरव शर्मा की विभिन्न शराब दुकानों से प्राप्त करीब 40 लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए उनके कार्यालय भेजे गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक व्यक्ति ने यह राशि पटवा के कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज खान को सौंपी थी।
कुमार के अनुसार, शुरुआत में फरदीन ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी सुनाते हुए कहा था कि नगदी गिनने के बाद वह और उसके पिता रकम से भरा बैग लेकर घर की ऊपरी मंजिल की ओर जा रहे थे, तभी चेहरे पर कपड़ा बांधे और ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी देकर उनसे बैग छीन लिया और फरार हो गया।
कुमार ने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता पटवा के कर्मचारी फरदीन का व्यवहार संदिग्ध पाया गया और बाद में हकीकत कुछ और निकली।
उन्होंने बताया, "पूछताछ में फरदीन ने अपने भाई फैज खान और दोस्त असबाब के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर 40 लाख रुपये की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।''
अमित कुमार ने बताया, ''दरअसल, जैसे ही रकम फरदीन के पास पहुंची, उसने व्हाट्सऐप पर 'ओके' का टेक्स्ट संदेश भेजकर अपने साथियों को संकेत दिया। इसके बाद उसका भाई फैज और ब्लिंकिट का पूर्व डिलीवरी पार्टनर असबाब स्कूटी से मौके पर पहुंचे। दोनों ने ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर की वर्दी पहन रखी थी और वे रकम से भरा बैग लेकर फरार हो गए।"
ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर स्वतंत्र संविदा-आधारित साझेदार होते हैं जो अपने दोपहिया वाहन का उपयोग करके ग्राहकों तक सामान पहुंचाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों में शामिल असबाब पहले ब्लिंकिट से जुड़ा था।
उन्होंने कहा कि अपनी पहचान छिपाकर जांचकर्ताओं की आंखों में धूल झोंकने की नीयत से आरोपियों ने ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर की वर्दी का इस्तेमाल किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
भाषा सं. हर्ष अमित सुरेश
सुरेश
0207 2328 रतलाम