पुणे पुलिस सिया को केतन की 'हत्या की साजिश' वाली जगह पर ले गई
नरेश
- 02 Jul 2026, 04:53 PM
- Updated: 04:53 PM
पुणे, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस बृहस्पतिवार सुबह सिया गोयल को पुणे के उस स्थान पर ले गई जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर यह साजिश रची थी कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से नीचे कैसे धक्का देना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुणे पुलिस ने गोयल और उनके कथित प्रेमी चौधरी की पॉलीग्राफ जांच कराने की अनुमति के लिए अदालत का भी रुख किया है। पॉलीग्राफ जांच जिसे 'लाइ डिटेक्टर टेस्ट' भी कहा जाता है, घटना से जुड़े सवालों के जवाब देते समय ब्लड प्रेशर, नाड़ी, सांस लेने की गति और पसीना आने जैसी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को मापता है।
पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।
सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से केतन अग्रवाल (25) को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। कथित हत्या के बाद पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं।
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खुले स्थान पर पूर्वाभ्यास किया था कि केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से कैसे धक्का देना है। इसी सिलसिले में आज सिया को उस स्थान पर ले जाया गया।''
अधिकारी ने बताया कि हत्या का कथित पूर्वाभ्यास मई में किया गया था और इसकी सही तारीख और अन्य विवरणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
उन्होंने कहा, ''हमने काफी मात्रा में तकनीकी और डिजिटल डाटा भी एकत्र किया है, जिसका अभी विश्लेषण और सत्यापन किया जा रहा है।''
अधिकारी ने बताया कि सिया के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े भी बरामद कर लिए, जिन्हें उसने घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।
उन्होंने बताया कि सिया और चौधरी की पॉलीग्राफ जांच कराने की मंजूरी के लिए वडगांव मावल अदालत में याचिका दाखिल की गई है।
अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, '' अदालत सबसे पहले आरोपियों को नोटिस जारी करेगी और आगे की प्रक्रिया से पहले उनकी सहमति दर्ज करेगी। यह प्रक्रिया अभी पूरी होनी बाकी है।''
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने इसलिए केतन अग्रवाल की हत्या की, क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।
पुलिस बुधवार को सह-आरोपी चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए दृश्यों का नाट्य रूपांतरण किया गया।
इससे पहले रविवार को पुलिस सिया को भी घटनास्थल पर ले गई थी। उस दौरान उसकी मौजूदगी में एक पुतले को खाई में धक्का देकर घटनाक्रम को दोहराया गया था।
पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनके बेटे ने कई बार सिया की चेतन चौधरी से बढ़ती नजदीकियों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सिया अक्सर अपनी बातचीत में चेतन का जिक्र किया करती थी।
पुलिस ने बताया कि सिया गोयल ने पहले इंडोनेशिया के बाली में विवाह पूर्व कार्यक्रम आयोजित करने की योजना को भी अस्वीकार कर दिया था।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
0207 1653 पुणे