देहरादून के जिलाधिकारी ने नदियों में खनन पर 30 सितंबर तक प्रतिबंध लगाया
अमित
- 01 Jul 2026, 11:38 PM
- Updated: 11:38 PM
देहरादून, एक जुलाई (भाषा) देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मानसून के दृष्टिगत 30 सितंबर तक नदियों में खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाते हुए अधिकारियों को अपने—अपने क्षेत्रों में यह सत्यापित करने को कहा कि वहां स्टोन क्रशर न चलें और खनन न हो।
जिले में हुई वर्षा एवं संभावित आपदा की परिस्थितियों को देखते हुए आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एक समीक्षा बैठक में चौहान ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित स्टोन क्रशरों की स्थिति का सत्यापन करके यह प्रमाणित करें कि वे वर्तमान में संचालित नहीं हैं तथा नदियों में किसी प्रकार की खनन गतिविधि नहीं हो रही है।
इस संबंध में उन्होंने कहा कि एक जुलाई से 30 सितंबर तक नदियों में किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। चौहान ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में कोई वाहन खनिज परिवहन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने के अलावा संबंधित वाहन को जब्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने नदी किनारे स्थित पर्यटन स्थलों पर 'चेतावनी सायरन' एवं सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के भी निर्देश दिए ताकि जलस्तर बढ़ने अथवा आपदा की स्थिति में पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों का चिन्हीकरण करके उनकी सूची तैयार करने को कहा।
उन्होंने निर्माण कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत करने के भी निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि विभागीय लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली ऐसी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थान या अस्पताल के निकट ठहराने की व्यवस्था करने को भी कहा जिनका प्रसव एक सप्ताह से 10 दिनों के भीतर संभावित है जिससे आपात स्थिति में कोई परेशानी न हो।
इससे पहले, आपदा नियंत्रण कक्ष में निरीक्षण के दौरान चौहान ने वर्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, संचार प्रणाली तथा आपदा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिए कि नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहे तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
भाषा दीप्ति अमित
अमित
0107 2338 देहरादून