पश्चिम बंगाल के हल्दिया में नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 20 से अधिक लोग घायल
अविनाश
- 30 Jun 2026, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
(तस्वीरों सहित)
हल्दिया/कोलकाता 30 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की इस नेफ्था पाइपलाइन के एक छोटे हिस्से में करीब 15 घंटे बाद भी आग जल रही थी। पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय एक महिला ने शहर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के अनुसार, चार अन्य घायलों की हालत "बेहद गंभीर" बनी हुई है और उनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 16 अन्य का जिले के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, सिवाय पाइपलाइन के पास एक छोटे से हिस्से को छोड़कर, जहां आग अब भी जल रही है। वहां अब भी काफी मात्रा में नेफ्था मौजूद है।''
उन्होंने कहा, ''नेफ्था की मौजूदगी के कारण आग को पूरी तरह से बुझाया नहीं जा सका है। इसमें आठ से 10 घंटे और लग सकते हैं।''
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना सोमवार देर रात करीब 2.45 बजे मिली। उन्होंने बताया कि यह तेजी से हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''भवानीपुर के रोबैयुल की पत्नी मन्नू बीबी की अस्पताल में मौत हो गई। चार अन्य की हालत भी बेहद गंभीर है। तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।''
पुलिस ने बताया कि आग पर काबू के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''आग की इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकांश स्थानीय निवासी हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर है। कुछ घायलों का इलाज यहीं किया जा रहा है, जबकि कुछ को कोलकाता के अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।''
उन्होंने बताया कि घायलों में कंपनी के दो सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को पहले हल्दिया उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उनमें से पांच को तामलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने कहा, ''दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए 'फोम' और 'फ्लाई ऐश' का इस्तेमाल कर रहे हैं। जल्द ही आग पूरी तरह बुझा ली जाएगी। आग में कुछ मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।''
अधिकारी ने कहा, ''हमें आशंका है कि नेफ्था पाइपलाइन में रिसाव के कारण आग लगी, लेकिन औपचारिक जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।''
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास रेलवे की बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
इस बीच, हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एचपीएल) ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि यह घटना संभवत: उसके संयंत्र के पास नेफ्था की कथित चोरी वाली जगह पर हुई होगी।
कंपनी ने बताया कि नेफ्था अत्यधिक ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है और एचपीएल स्थानीय लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच या उनके साथ छेड़छाड़ से जुड़े सुरक्षा जोखिमों के प्रति पहले भी कई बार आगाह कर चुका है।
कंपनी ने कहा, ''जांच पूरी होने से पहले इस घटना पर और अधिक टिप्पणी करना या जिम्मेदारी तय करना जल्दबाजी होगी।''
उसने कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ सहयोग जारी रखेगी।
कंपनी ने कहा, ''हम इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।''
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
3006 2207 हल्दिया