भाजपा ने हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा दिया: उद्धव
सुरेश
- 27 Jun 2026, 05:09 PM
- Updated: 05:09 PM
यवतमाल (महाराष्ट्र), 27 जून (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर को मिले चंदे में कथित गबन का मुद्दा उठाते हुए 'हिंदुत्व' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शनिवार को निशाना साधा और उस पर हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया।
ठाकरे ने 'भाजपा-मुक्त राम' के लिए आंदोलन का नेतृत्व करने का भी संकल्प लिया।
उन्होंने शिवसेना में शामिल हो चुके पार्टी के बागी सांसद संजय देशमुख के यवतमाल-वाशिम निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''असली हिंदुत्व मानवता की शिक्षा देता है। हम मंदिरों को लूटने वाले आपके (भाजपा के) हिंदुत्व को खारिज करते हैं। हम 'भाजपा-मुक्त राम' चाहते हैं और शिवसेना (उबाठा) ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व करेगी।''
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण से पहले शिवसेना (उबाठा) ने चांदी की कई ईंटें दी थीं।
ठाकरे ने पूछा, "ये चांदी की ईंटें चोरी हो गई हैं। शिवसेना की ओर से दिए गए पैसे का क्या हुआ?"
शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को दावा किया कि पार्टी को ट्रस्ट को दान किए गए एक करोड़ रुपये की रसीद नहीं मिली है।
ठाकरे ने कहा कि यह हिंदुत्व का अपमान है। उन्होंने दावा किया, "यह न केवल शिवसेना के साथ, बल्कि देश के हिंदुओं के साथ भी धोखा है।"
अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है। इस बीच जांचकर्ताओं ने आरोपियों के पास से अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद करने का दावा किया है।
सरकार के इस रुख के बीच कि पासपोर्ट कभी नागरिकता का सबूत नहीं रहा है और पिछले 12 सालों में इस दस्तावेज को लेकर कोई नया फैसला नहीं लिया गया है, ठाकरे ने पूछा कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ही नागरिकता का एकमात्र सबूत है।
उन्होंने कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी नहीं है। अगर वह इस तरह का व्यवहार करती है, तो हमें चिंता होती है कि क्या यह पाकिस्तान जनता पार्टी है।"
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
2706 1709 यवतमाल