दिग्गज फिल्मकार और अभिनेता भाग्यराज का 73 वर्ष की उम्र में निधन
प्रशांत
- 27 Jun 2026, 03:01 PM
- Updated: 03:01 PM
चेन्नई, 27 जून (भाषा) सहज हास्य शैली और मजेदार संवादों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले तमिल सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता और अभिनेता के. भाग्यराज का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अस्पताल के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
वह 73 वर्ष के थे।
भाग्यराज द्वारा निर्देशित और अभिनीत कुछ बेहद लोकप्रिय फिल्मों में 'अंधा 7 नाटकल', 'मुंधनाई मुदिचू', 'चिन्ना वीडू' और 'एंगा चिन्ना रासा' शामिल हैं।
अभिनेता भाग्यराज के परिवार में उनकी पत्नी पूर्णिमा, अभिनेता बेटे शांतनु और बेटी शरण्या हैं।
फिल्मी करियर के अलावा, भाग्यराज तमिल साप्ताहिक पत्रिका 'भाग्य' के संपादक भी रहे। साथ ही उन्होंने कई उपन्यासों की रचना भी की।
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा, "दिग्गज तमिल फिल्म निर्देशक और लेखक के भाग्यराज का निधन सिनेमा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनकी कहानी कहने की अनूठी शैली, रचनात्मक प्रतिभा और तमिल सिनेमा में उनके अपार योगदान ने उन्हें दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान दिलाया है।"
राज्यपाल ने 'एक्स' पर कहा, "मैं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।"
तमिलनाडु के इरोड जिले में जन्मे कृष्णस्वामी भाग्यराज ने अपने करियर की शुरुआत दिवंगत दिग्गज फिल्म निर्माता भारतीराजा के सहायक के रूप में की थी। उन्होंने लगभग 25 फिल्मों का निर्देशन करने के अलावा 75 से अधिक फिल्मों में अभिनय भी किया।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को दिग्गज फिल्म निर्माता के. भाग्यराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, "उनकी हर रचना मानवता और सामाजिक मूल्यों को दर्शाने वाली अविस्मरणीय यादों के रूप में बनी रहेगी।"
उन्होंने कहा, "के. भाग्यराज के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों और प्रशंसकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।"
दिग्गज निर्देशक का पार्थिव शरीर सिटी अस्पताल से उनके नुंगम्बाक्कम स्थित आवास पर लाया गया है। आम जनता, प्रशंसकों, फिल्मी हस्तियों और राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनका पार्थिव शरीर वहां रखा गया है।
वहीं, अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने भाग्यराज के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक बहुमुखी प्रतिभा का धनी फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक, अभिनेता और संगीतकार बताया।
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी शनिवार को शोक व्यक्त करते हुए भाग्यराज को एक असाधारण प्रतिभा बताया, जिन्होंने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि भाग्यराज ने ग्रामीण जीवन पर आधारित, स्वाभाविक हास्य और दिलचस्प कहानियों वाली फिल्मों से परिवार के साथ फिल्में देखने वाले दर्शकों का दिल जीत लिया साथ ही साहित्य में भी अपनी प्रतिभा साबित की।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
2706 1501 चेन्नई