भारत ने भूकंप प्रभावित वेनेजुएला की मदद के लिए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया, राहत सामग्री भेजी
नेत्रपाल
- 26 Jun 2026, 10:37 PM
- Updated: 10:37 PM
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) भारत ने भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला को मानवीय सहायता देने के लिए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया है और इसके तहत, राहत सामग्री और 41 सदस्यों वाली बचाव टीम को लेकर भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान शुक्रवार को लातिन अमेरिकी देश के लिए रवाना हुए।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ''इस मुश्किल समय में भारत वेनेज़ुएला की सरकार और वहां के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।''
मंत्रालय ने बताया कि भारत ने आपदा प्रभावित लातिन अमेरिकी देश के लोगों के साथ एकजुटता दिखाते हुए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' नाम से एक मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन शुरू किया है।
विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू हो गया है! भूकंप के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए आज वायुसेना के दो सी 17 विमान ज़रूरी सहायता सामग्री लेकर वेनेज़ुएला के लिए रवाना हुए। इस सहायता में भारतीय सेना की अस्थायी अस्पताल इकाई और 35 टन से ज़्यादा राहत सामग्री, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं, जिनमें दो भीष्म क्यूब (अस्थायी अस्पताल) भी हैं। भारत इस मुश्किल समय में वेनेज़ुएला की सरकार और वहां के लोगों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।''
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि इस अभियान के तहत, भारतीय वायुसेना के दो सी-17 विमान 26 जून की सुबह वेनेजुएला के लिए रवाना हुए। इन विमानों में मानवीय राहत सामग्री और 41 सदस्यों वाली बचाव टीम है, जो वहां जारी राहत और बचाव कार्यों में मदद करेगी।
बयान के मुताबिक, 41 सदस्यों वाली इस टीम में अनुभवी बचावकर्मी और चिकित्सा पेशेवर शामिल हैं और यह प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव कार्यों, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और मानवीय राहत कार्यों के लिए वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी।
मंत्रालय ने कहा, ''इस मुश्किल समय में भारत, वेनेज़ुएला की सरकार और वहां के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। भारत सरकार उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है जिन्होंने अपनों को खो दिया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती है। भारत, वेनेज़ुएला की सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा तथा ज़रूरत पड़ने पर और मदद देने के लिए तैयार है।''
वेनेजुएला में बुधवार को आए दो विनाशकारी भूकंप के झटकों में मरने वाले की संख्या बढ़कर 589 हो गई है जबकि हजारों अन्य लोग घायल हुए हैं।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल
2606 2237 दिल्ली