खराब शुरुआत के बावजूद आयरलैंड ने भारत को दिया 183 रन का लक्ष्य
पंत
- 26 Jun 2026, 08:09 PM
- Updated: 08:09 PM
बेलफास्ट, 26 जून (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत में सधी हुई गेंदबाजी की लेकिन दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में आयरलैंड ने शुक्रवार को यहां नौ विकेट पर 182 रन का स्कोर खड़ा कर लिया।
भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए। उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 57 रन दिए।
भारत के लिए अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि शिवम दुबे को एक सफलता मिली।
पंद्रह साल के किशोर सनसनी वैभव सूर्यवंशी का बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय पदार्पण इस मैच में नहीं हो सका, लेकिन स्टॉर्मॉन्ट मैदान पर मौजूद दर्शकों को भारतीय गेंदबाजों और आयरलैंड के बल्लेबाजों के प्रदर्शन से भरपूर रोमांच मिला।
आयरलैंड के कप्तान लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें गेराथ डेलानी (32 गेंद में में 49 रन) के अलावा किसी अन्य बल्लेबाज का अच्छा साथ नहीं मिला।
भारतीय तेज गेंदबाजों ने पावरप्ले में उन्होंने टिम टेक्टर (17) , हैरी टेक्टर (शून्य) और रॉस एडेयर (12) को जल्दी पवेलियन भेजकर 30 रन तक आयरलैंड के तीन विकेट झटक लिये। पहले छह ओवर में आयरलैंड केवल 36 रन ही बना सका।
दुबे ने भी छोटी लेंथ गेंदों का फायदा उठाते हुए बेन कैलिट्ज (15) को आउट किया, जिन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा पर दो छक्के लगाए थे। उस समय आयरलैंड का स्कोर चार विकेट पर 51 रन था।
इसके बाद कप्तान टकर और डेलानी ने मिलकर पारी को संभालते हुए पाचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े।
टकर शुरुआत में धीमे रहे, लेकिन जल्द ही उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए अक्षर के खिलाफ 13वें ओवर में लगातार दो चौके और छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
प्रसिद्ध की एक गेंद पर उन्होंने शानदार स्कूप शॉट से चौका भी लगाया।
टकर की पारी का अंत हर्षित राणा की धीमी बाउंसर पर तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट होने के साथ हुआ।
डेलानी और जॉर्ज डॉकरेल (19) ने इसके बाद 14.3 से 17.1 ओवर के बीच 49 रनों की साझेदारी कर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया।
डेलानी ने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में एक चौका और तीन छक्के लगाकर 27 रन बटोरे।
वह हालांकि अपने अर्धशतक से चूक गए और 49 रन पर आर्शदीप सिंह की गेंद पर तिलक को कैच दे बैठे।
भाषा आनन्द पंत
पंत
2606 2009 बेलफास्ट