प्रधानमंत्री मोदी से मिले अमेजन के सीईओ जेसी, भारत में अतिरिक्त 13 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा
अजय
- 25 Jun 2026, 04:48 PM
- Updated: 04:48 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनी की 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) व क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की।
जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई। इस नए निवेश से 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा।
यह नया निवेश भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। जेसी ने भारत को कंपनी के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण वृद्धि वाले बाजारों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स और क्लाउड कंप्यूटिंग इकाई अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) में ग्राहकों की मजबूत मांग के कारण भारत में अमेजन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत की बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था, विस्तृत उपभोक्ता आधार तथा क्लाउड और कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए निवेश बढ़ा रही हैं।
अमेजन ने पिछले एक दशक में भारत में लॉजिस्टिक नेटवर्क, प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर भारी निवेश किया है, ताकि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी उपस्थिति मजबूत की जा सके।
जेसी ने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अमेजन का भारतीय कारोबार मजबूत वृद्धि की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ई-कॉमर्स, एआई, क्लाउड और मनोरंजन सहित कई क्षेत्रों में काम कर रही है और भारत उसके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार बन चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ''एंडी जेसी के साथ शानदार बैठक हुई। मैं भारत में अमेजन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।''
उन्होंने कहा कि यह दुनिया भर में भारत में निवेश को लेकर बढ़ती रुचि को भी दर्शाता है।
जेसी ने भी 'एक्स' पर प्रधानमंत्री के साथ बैठक की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि भारत में अमेजन के भविष्य को लेकर हुई चर्चा बेहद उपयोगी रही।
उन्होंने कहा, ''हम एक दशक से अधिक समय से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप और उद्यमों की सेवा कर रहे हैं और अभी तो यह शुरुआत भर है।''
कंपनी ने बयान में कहा, " अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। जेसी ने भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई और 2030 तक देश में एआई तथा क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश की योजना की घोषणा की।''
इसके साथ ही 2026-30 के बीच एआई और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार तथा समर्थन के लिए अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा। इससे कंपनी भारत में एआई और क्लाउड अवसंरचना में निवेश करने वाले सबसे बड़े वैश्विक निवेशकों में शामिल हो जाएगी।
अमेजन ने कहा, '' यह निवेश मुंबई और हैदराबाद में एडब्ल्यूएस (अमेजन वेब सर्विसेज) डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार करेगा जिससे स्टार्टअप, उद्यमों तथा सरकारी संगठनों को विशेष एआई चिप, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित एवं भरोसेमंद क्लाउड प्रौद्योगिकियों तथा 'डेवलपर टूल' तक पहुंच मिलेगी। इससे वे तेजी से नवोन्मेष कर सकेंगे, शीघ्र विस्तार कर सकेंगे और वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को सेवाएं दे सकेंगे।''
इसके साथ ही 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का संचयी निवेश 88 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा।
अमेजन ने कहा, ''यह नया निवेश भारत में कंपनी को कृत्रिम मेधा (एआई) और क्लाउड अवसंरचना में निवेश करने वाले सबसे बड़े वैश्विक निवेशकों में शामिल करेगा।''
बयान के अनुसार, कंपनी इस वर्ष 20 से अधिक नए फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से अधिक नए अंतिम छोर (लास्ट-माइल) के डिलिवरी स्टेशन शुरू करने की योजना बना रही है। इससे देशभर के ग्राहकों, विशेषकर तीसरी और चौथी श्रेणी के शहरों में सामान की तेज और अधिक भरोसेमंद डिलिवरी सुनिश्चित की जा सकेगी।
अमेजन ने अपने ई-कॉमर्स और त्वरित वाणिज्य (क्विक कॉमर्स) नेटवर्क से जुड़े हजारों डिलिवरी सहयोगियों के कल्याण पर केंद्रित 'सम्मान' नामक एक कार्यक्रम की भी घोषणा की है।
अमेजन ने कहा कि भारत में परिचालन शुरू करने के बाद से वह 1.2 करोड़ छोटे कारोबार का डिजिटलीकरण कर चुकी है, 20 अरब डॉलर से अधिक के संचयी ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा दे चुकी है और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 28 लाख रोजगार सृजित करने में योगदान दे चुकी है। कंपनी ने एक करोड़ से अधिक भारतीयों को क्लाउड प्रौद्योगिकी से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण भी दिया है।"
बयान के अनुसार, वर्ष 2030 तक कंपनी भारत में अपने कारोबार के विस्तार और उसे मजबूती देने के लिए कुल 48 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है। सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप अमेजन कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डिजिटलीकरण, निर्यात वृद्धि और रोजगार सृजन पर अपना विशेष ध्यान बनाए रखेगी।
अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जेसी ने कहा कि कंपनी ने भारत में मजबूत वृद्धि दर्ज की है, विशेष रूप से ई-कॉमर्स, कृत्रिम मेधा (एआई) और क्लाउड कारोबार में।
जेसी ने कहा, ''हम प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण से प्रेरित हैं और भारत की वृद्धि गाथा में दीर्घकालिक भागीदार बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
अमेजन ने बताया कि उसके भारतीय मंच के 10 करोड़ से अधिक ग्राहक और 17 लाख से अधिक विक्रेता हैं। कंपनी के अनुसार, उसके 85 प्रतिशत नए ग्राहक और 65 प्रतिशत से अधिक ऑर्डर दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों से आ रहे हैं।
जेसी ने बुधवार को बेंगलुरु में अमेजन की अति-तेज डिलिवरी सेवा 'अमेजन नाउ' का विस्तार 300 से अधिक भारतीय शहरों तक करने तथा देश का सबसे बड़ा 'कुछ मिनट में डिलिवरी' नेटवर्क विकसित करने की योजना की घोषणा की थी।
भाषा योगेश अजय
अजय
2506 1648 दिल्ली