उत्तराखंड के चमोली में सिख तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों के बीच झड़प, पांच लोग घायल
प्रशांत
- 16 Jun 2026, 08:12 PM
- Updated: 08:12 PM
चमोली (उत्तराखंड), 16 जून (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में कर्णप्रयाग के पंच पुलिया के पास पार्किंग को लेकर हुए विवाद के कारण सिख तीर्थयात्रियों के एक समूह और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई, जिसकी वजह से एक तीर्थयात्री समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद सुबह उस समय शुरू हुआ जब हेमकुंड साहिब जा रहे कुछ तीर्थयात्रियों ने अपनी गाड़ी एक स्थानीय होटल के सामने खड़ी कर दी। कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि तीर्थयात्रियों ने स्थानीय निवासियों पर तलवारों और कृपाणों से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घायलों को कर्णप्रयाग के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया है।
घायलों की पहचान कर्णप्रयाग के निवासी प्रकाश रावत (26), सुदर्शन कंडारी (55), गजपाल सिंह (50), हरेंद्र सिंह (42) और पंजाब के मोहाली निवासी मनप्रीत सिंह (21) के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय निवासी कर्णप्रयाग पुलिस चौकी के पास एकत्र हो गए और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिसके कारण भारी जाम लग गया। बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों तथा स्थानीय यात्रियों समेत सैकड़ों वाहन फंस गए।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने कुछ समय के लिए वाहनों को गौचर में बनाए गए होल्डिंग एरिया में रोक दिया।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धार्मिक यात्राओं के दौरान धारदार हथियार लाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
जिलाधिकारी कुमार ने कहा कि तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों दोनों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत
1606 2012 चमोली