सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार लोगों में अफगान नागरिक शामिल
माधव
- 05 Jun 2026, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
चंडीगढ़, पांच जून (भाषा) अमृतसर आयुक्तालय ने सीमा पार हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से संदिग्ध संबंधों और अवैध हवाला हस्तांतरण के आरोप में एक अफगान नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को पकड़ा है। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि उनके पास से एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन, पांच अत्याधुनिक पिस्तौल और संदिग्ध तौर पर मादक पदार्थों से अर्जित पांच लाख रुपए बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए लोगों में बाज मोहम्मद (62) भी शामिल है। वह हरियाणा के सोनीपत में रहने वाला एक अफगान नागरिक है और हाल में दिल्ली के लाजपत नगर में रहने लगा।
डीजीपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान नवांशहर के रहने वाले अंकुश बर्थवाल (33), जालंधर के रहने वाले देश राज उर्फ विक्की (32), अमृतसर के रहने वाले राजनदीप सिंह उर्फ राजा (26) और दो नाबालिगों के रूप में हुई है।
पंजाब पुलिस ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों व्यक्ति आदतन अपराधी हैं और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
बरामद किए गए आग्नेयास्त्रों और गोला-बारूद में नौ एमएम का तीन ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया में निर्मित), एक .30 बोर जिगाना, एक .30 बोर पिस्तौल और दो कारतूस शामिल हैं।
पंजाब में सीमा पार अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और हवाला के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है और इस सिलसिले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी, विदेश स्थित सहयोगियों के साथ मिलीभगत करके विभिन्न सोशल मीडिया मंच के माध्यम से स्थापित संपर्कों के जरिए हथियारों और मादक पदार्थों की खेप प्राप्त कर रहे थे और विदेशों में स्थित आकाओं के निर्देशों पर उन्हें वितरित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि यह नेटवर्क पंजाब के माझा और दोआबा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि जांच जारी है।
अभियान की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआत में पुलिस टीम ने दो नाबालिगों को पकड़ा और उनके पास से एक ग्लॉक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए, जबकि बाद में उनके खुलासे के आधार पर एक और पिस्तौल और 500 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि जांच में बाज मोहम्मद, अंकुश बड़थ्वाल और देश राज को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से तीन पिस्तौल, 535 ग्राम हेरोइन और संदिग्ध तौर पर मादक पदार्थों से अर्जित किए गए पांच लाख रुपये बरामद हुए।
गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के परिणामस्वरूप उनके सहयोगी राजनदीप सिंह उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया।
भुल्लर ने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि अंकुश बड़थ्वाल हाल ही में युगांडा (जहां वह काम कर रहा था) से भारत लौटा था।
उन्होंने बताया कि अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा
शुभम माधव
माधव
0506 2144 चंडीगढ़