विदेशों में गिरावट, मांग घटने, रुपये में मजबूती से अधिकांश तेल-तिलहनों के दाम टूटे
प्रेम
- 05 Jun 2026, 08:41 PM
- Updated: 08:41 PM
नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) विदेशी बाजारों में गिरावट और रुपये की मजबूती से कारोबारी धारणा प्रभावित होने के बीच मांग कमजोर पड़ने से शुक्रवार को सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पाम तेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल जैसे अधिकांश तेल-तिलहनों के दाम में गिरावट दर्ज हुई।
वहीं सूरजमुखी तेल और बिनौला रिफाइंड तेल से सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में सुधार देखा गया।
शिकॉगो एक्सचेंज बृहस्पतिवार रात को गिरावट के साथ बंद हुआ था और फिलहाल यहां घट-बढ़ जारी है। मलेशिया एक्सचेंज शुक्रवार दोपहर में गिरावट के साथ बंद हो गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया कारोबार के अंत में 95.18 पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर से 56 पैसे की मजबूती है। रुपये की इस मजबूती से आयात सस्ता हो गया जिससे खाद्यतेल कीमतों में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6,200 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि किसानों को हाजिर बाजार में लगभग 7,200 रुपये प्रति क्विंटल के दाम मिल रहे हैं। ऊंचे पर लिवाली प्रभावित रहने से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट आई।
उन्होंने कहा कि मूंगफली तेल का दाम सूरजमुखी तेल से लगभग 5 रुपये किलो सस्ता है। बिनौल रिफाइंड से भी इसका दाम सस्ता है। इस वजह से मूंगफली तेल की मांग बढ़ रही है। जिसकी वजह से केवल मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया।
सूत्रों ने कहा कि विदेशों में गिरावट और रुपया मजबूत होने से सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम गिरावट के साथ बंद हुए।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे कई स्थानों पर सोयाबीन डी-आयल्ड केक (डीओसी) का आयात शुरू करने या अफ्रीका से आयात करने जैसी अफवाहें फैलने से सोयाबीन का खरीद दाम करीब 400 रुपये क्विंटल टूट गया। इसके बाद भी अनुकूल प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सोयाबीन का खरीद दाम करीब 250 रुपये क्विंटल बढ़ा दिया गया। सूत्रों ने कहा कि इस तरह की सट्टेबाजी से तेल उद्योग, किसान और पॉल्ट्री उद्योग को नुकसान पहुंच सकता है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन - 7,650-7,675 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 6,825-7,300 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,510-2,810 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 15,550 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,580-2,680 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,580-2,725 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,150 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,850 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,900 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,500 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 6,950-7,000 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 6,800-6,875 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम
0506 2041 दिल्ली