ट्रंप ने नेतन्याहू को 'पागल' कहने के अपने बयान की पुष्टि की
सुभाष
- 04 Jun 2026, 12:52 AM
- Updated: 12:52 AM
बेरूत, तीन जून (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को जारी एक साक्षात्कार में उस पूर्व रिपोर्ट की पुष्टि की है, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप ने सोमवार को फोन पर बातचीत के दौरान इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ''पागल'' कहा था।
ट्रंप ने कहा कि इजराइल द्वारा लेबनान में हिजबुल्ला के साथ जारी लड़ाई ईरान के साथ शांति वार्ता को बाधित कर रही है, जिससे वह ''थोड़े परेशान'' हैं।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने तनाव को स्वीकार करते हुए इस बात पर भी जोर दिया कि नेतन्याहू के साथ उनके संबंध मजबूत हैं क्योंकि वे दोनों ''युद्ध के दौर'' के नेता हैं।
ट्रंप ने 'न्यूयॉर्क पोस्ट' के 'पॉड फोर्स वन' के लिए दिये साक्षात्कार में कहा, ''हमने साथ मिलकर बहुत अच्छा काम किया है। मुझे नेतन्याहू बहुत पसंद हैं।''
अमेरिकी बिजनेस-न्यूज़ चैनल सीएनबीसी को दिये पर एक साक्षात्कार में नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा कि उनके और ट्रंप के बीच कभी-कभी ''रणनीतिक मतभेद'' होते हैं, लेकिन उनके 'साझा लक्ष्य' हैं और 'मुख्य बातों पर वे सहमत हैं'।
इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा, ''वह मेरा सम्मान करते हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं। हम हमेशा अपने मतभेदों को सुलझाने का कोई न कोई रास्ता निकाल लेते हैं।''
सोमवार को फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति की टिप्पणियों से ईरान युद्ध को सुलझाने के लिए उन पर बढ़ते दबाव का संकेत मिलता है, क्योंकि ऊर्जा की बढ़ती कीमतें और आर्थिक अनिश्चितता मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन की संभावनाओं को धूमिल कर रही हैं और वैश्विक व्यापार में बाधा डाल रही हैं।
ईरान विवाद के समाधान के लिए समयसीमा को लेकर ट्रंप ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया और कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य सात सितंबर को 'लेबर डे' की छुट्टी तक बंद रह सकता है। उन्होंने रेखांकित किया कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की दिशा में किए जा रहे किसी भी प्रयास को रोके और तेल और प्राकृतिक गैस के परिवहन के लिए जलडमरूमध्य को फिर से खोल दिया जाए।
ट्रंप ने कहा,''मुझे नहीं पता। मेरा मतलब है, मुझे लगता है कि यह (लेबर डे तक बंद) रह सकता है, लेकिन मुझे लगता है कि इसकी संभावना कम है। मुझे लगता है कि यह हो जाएगा। मुझे लगता है कि यह समस्या बहुत जल्दी सुलझ जाएगी।''
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई, जिन्होंने अपने दिवंगत पिता का स्थान लिया है, युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता में शामिल हैं।
ट्रंप ने दावा किया कि हवाई हमले में लगी चोटों के कारण खामेनेई की हालत ठीक नहीं है, लेकिन ''वे कहते हैं कि वह (मोजतबा) मंजूरी दे रहे हैं।''
इस बीच, बुधवार को बेरूत के दक्षिण में एक व्यस्त राजमार्ग पर इजराइली हमले में एक कार को निशाना बनाया गया। यह हमला वाशिंगटन में लेबनान और इजराइल के बीच दूसरे दिन की वार्ता शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुआ।
एपी धीरज सुभाष
सुभाष
0406 0052 बेरूत