पाकिस्तान : बलूचिस्तान में शटल ट्रेन में विस्फोट, कम से कम 24 लोगों की मौत
नेत्रपाल
- 24 May 2026, 10:43 PM
- Updated: 10:43 PM
कराची, 24 मई (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक शटल ट्रेन में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 24 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने क्वेटा में हुए इस धमाके की जिम्मेदारी ली है।
सरकारी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (एपीपी) के अनुसार, यह शटल ट्रेन क्वेटा छावनी से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी इसे चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संपर्क करने पर बताया कि मृतकों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है, हालांकि उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा, ''चलती ट्रेन में हुआ धमाका बेहद शक्तिशाली था।''
क्वेटा के दो अलग-अलग अस्पतालों के कम से कम दो चिकित्सकों ने पुष्टि की कि शवगृह में 20 शव रखे गए हैं। इनमें से एक चिकित्सक ने कहा, ''मैं आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह सकता, लेकिन सिविल अस्पताल और बोलान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हमारे पास 20 शव हैं।''
दोनों चिकित्सकों ने यह भी बताया कि महिलाओं और बच्चों समेत 50 से अधिक लोगों का दोनों अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ शव और घायल क्वेटा जिला अस्पताल भी ले जाए गए हैं।
बीएलए के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि यह हमला उस समय किया गया जब ट्रेन छावनी क्षेत्र से सैन्यकर्मियों को ले जा रही थी।
बलूचिस्तान प्रांत की सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने पहले 14 मृतकों का आंकड़ा दिया था, जिसे बाद में बढ़ाकर उन्होंने मौतों की संख्या बढ़ने की पुष्टि की। उन्होंने फोन पर कहा, ''हम जल्द ही एक और मीडिया ब्रीफिंग देंगे, लेकिन मैं यह कह सकता हूं कि हताहत लोगों की संख्या बढ़ी है।''
सरकार ने इससे पहले बताया था कि मृतकों में फ्रंटियर कोर के तीन कर्मी शामिल हैं।
पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने कहा कि शटल ट्रेन में असैन्य यात्री भी सवार थे और धमाका इंजन तथा तीन डिब्बों में हुआ।
टेलीविजन चैनलों ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि उन्होंने विस्फोटक से भरी एक मिनीवैन को ट्रेन से टकराते हुए देखा, जिसके बाद धमाका हुआ।
विस्फोट की तीव्रता से आसपास खड़े वाहनों के शीशे और नजदीकी इमारतों की खिड़कियां टूट गईं।
अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में यात्री ईद पर्व के लिए अपने गृह नगरों की ओर जाने के लिए रेलगाड़ियों का इंतजार कर रहे थे।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा करते हुए कहा, ''आतंकवाद की ऐसी कायरतापूर्ण घटनाएं पाकिस्तान के लोगों के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं।''
उन्होंने कहा, ''हम हर तरह के आतंकवाद को खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग हैं।''
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि धमाके के बाद एहतियातन पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
प्रांत के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने कहा कि विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षा के लिए घटनास्थल के पास एकत्र न हों, ताकि राहत कार्य बिना बाधा के चल सके।
बलूचिस्तान में पिछले कई वर्षों से ऐसे हमले होते रहे हैं।
क्वेटा और पेशावर के बीच चलने वाली जाफर एक्सप्रेस को हाल के वर्षों में कई बार निशाना बनाया गया है, जिसमें मार्च में हुआ हमला सबसे भीषण था।
सितंबर 2025 में मस्तुंग के दाश्त क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट में जाफर एक्सप्रेस का एक डिब्बा नष्ट हो गया था और छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिसमें 12 यात्री घायल हुए थे।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
2405 2243 कराची