भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी
नेत्रपाल
- 23 May 2026, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) भारत के कई हिस्सों में शनिवार को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा तथा कई क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के तीन जिलों के लिए सोमवार को लू का अलर्ट जारी किया।
भीषण गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि जानवरों और पक्षियों पर भी पड़ने लगा है। दिल्ली में पशु चिकित्सकों और पशु बचावकर्मियों ने बताया कि कबूतर थकान के कारण बेहोश होकर आसमान से गिर रहे हैं, निर्जलीकरण के कारण कई चील सड़क किनारे पडी़ हुई दिखीं और लगातार गर्मी के कारण आवारा पशु पेट संबंधी विषाक्तता से जूझ रहे हैं।
तेलंगाना के राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि राज्य में लू की स्थिति के कारण सात जिलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अत्यधिक तापमान वाले गांवों की पहचान करें, वहां 'हीट अलर्ट' जारी करें और सार्वजनिक स्थानों तथा कार्यस्थलों पर पीने का पानी, छाछ और ओआरएस पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार से तापमान और बढ़ सकता है तथा कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और रविवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
दिल्ली में भी तेज हवाओं और हल्की बारिश के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। हालांकि, सुबह हुई हल्की बारिश से शहर के कुछ हिस्सों को अस्थायी राहत जरूर मिली।
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि रविवार से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा तथा चंडीगढ़ में तापमान और बढ़ने का पूर्वानुमान है।
राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी का प्रभाव इंसानों से आगे बढ़कर जानवरों तक पहुंच गया है। शहर में पशु चिकित्सकों और बचावकर्मियों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में निर्जलीकरण, लू, संक्रमण से पीड़ित पक्षियों और आवारा जानवरों से संबंधित सूचनाओं में भारी वृद्धि हुई है, क्योंकि लंबे समय से जारी शुष्क मौसम और अत्यधिक तापमान से दिल्ली-एनसीआर प्रभावित हुआ है।
दिल्ली पिछले कई दिन से लू की चपेट में है, जहां कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
चिकित्सकों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिनमें आंखों में जलन, निर्जलीकरण से होने वाला सिरदर्द और गर्मी से उत्पन्न तंत्रिका संबंधी समस्याएं शामिल हैं।
पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी जारी रही।
हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के बठिंडा में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पंजाब के अन्य क्षेत्रों में अमृतसर में 40.5 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में अंबाला का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और हिसार का 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश में शिमला मौसम केंद्र ने 26 और 27 मई के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
इसके साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिन में राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने का पूर्वानुमान भी जताया गया है।
झारखंड में आईएमडी ने सोमवार के लिए गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि 24 मई से अगले छह दिन तक कई अन्य जिलों में बिजली चमकने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
2305 2125 दिल्ली