दिल्ली में दोहरे हत्याकांड में पति समेत छह लोग हिरासत में
नेत्रपाल
- 23 May 2026, 12:23 AM
- Updated: 12:23 AM
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक महिला और उसके बेटे की हत्या की जांच कर रही पुलिस ने मृतका के पति सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस अब कई 'संदिग्ध परिस्थितियों' की जांच कर रही है और जांचकर्ता इस संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं कि तफ्तीश को गुमराह करने के लिए घटना को लूट का रंग दिया गया हो।
मृतकों की पहचान शारदा साहू (38) और उनके 13 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। वे बुधवार को गोविंदपुरी में गली नंबर 10 स्थित अपने घर में मृत मिले थे और उनकी चाकू मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार, हालांकि घर से नकदी और आभूषण गायब मिले थे, लेकिन जांचकर्ता अब लूट के कोण को सावधानी से देख रहे हैं और इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इसका इस्तेमाल ध्यान भटकाने के लिए एक 'कवर' के रूप में किया गया था।
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शारदा के पति विष्णु साहू समेत कुल छह लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयानों का सत्यापन किया जा रहा है, क्योंकि जांचकर्ता हत्यारों तक पहुंचने वाली पूरी कड़ी को जोड़कर समझने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि विष्णु की भूमिका भी जांच के दायरे में है क्योंकि जांचकर्ताओं को उसके आचरण के कुछ पहलू संदिग्ध लगे हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''कुछ चीजें सामान्य लग रही हैं, विशेष रूप से दंपति के संबंध, लेकिन कुछ संदिग्ध तत्व हैं जिनकी जांच की जा रही है।''
जांचकर्ता विष्णु की व्यक्तिगत पृष्ठभूमि की भी जांच कर रहे हैं। उन्हें पता चला है कि यह उसकी दूसरी शादी थी। सूत्रों ने कहा कि उसकी पहली पत्नी की 2002 में कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई थी।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि वे इन परिस्थितियों की जांच केवल पृष्ठभूमि सत्यापन के हिस्से के रूप में कर रहे हैं और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं।
पुलिस को संदेह है कि दोहरा हत्याकांड बुधवार रात 8 बजे से 9 बजे के बीच हुआ।
जांचकर्ताओं का मानना है कि हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार एक बड़ा चाकू प्रतीत होता है, जैसा कि आमतौर पर फल और सब्जी विक्रेता उपयोग करते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि विष्णु फल और सब्जी विक्रेता का काम करता है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस पहलू का मामले से कोई संबंध है।
उन्होंने कहा कि अब तक कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
सूत्रों ने बताया कि एक दूधवाले ने विष्णु को सूचित किया था कि बार-बार दरवाजा खटखटाने और कॉल करने के बावजूद शारदा दरवाजा नहीं खोल रही है। हालांकि, तुरंत घर पहुंचने के बजाय, कथित तौर पर उसने इस बात का पता लगाने में तत्परता नहीं दिखाई।
इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि हत्याओं के संबंध में बुधवार देर रात करीब 1.11 बजे सूचना मिली।
फल और सब्जी विक्रेता विष्णु ने दावा किया था कि वह रात करीब 12.30 बजे घर लौटा और मुख्य दरवाजा बाहर से बंद पाया। अंदर जाने पर, उसने अपनी पत्नी और बेटे को खून से लथपथ पाया।
अपराध और फॉरेंसिक टीमों ने घर से सबूत इकट्ठा किए हैं, जबकि जांचकर्ता सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करना जारी रखे हुए हैं।
पुलिस हत्या के समय के आसपास घटनास्थल के पास सक्रिय उपकरणों की पहचान करने और संदिग्धों की आवाजाही स्थापित करने के लिए 'डंप डेटा' और मोबाइल फोन रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
जांचकर्ताओं ने पहले कहा था कि जबरन प्रवेश के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे संकेत मिलता है कि हमलावर परिवार के परिचित हो सकते हैं या बिना किसी प्रतिरोध के घर में दाखिल हुए थे।
मामले में कई टीम काम कर रही हैं और जांचकर्ता रिश्तेदारों, परिचितों तथा स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रहे हैं।
भाषा नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
2305 0023 दिल्ली