तमिलनाडु मंत्रिमंडल विस्तार: शाहजहां, वन्नी अरासु ने मंत्री पद की शपथ ली
वैभव
- 22 May 2026, 04:04 PM
- Updated: 04:04 PM
(फोटो के साथ)
चेन्नई, 22 मई (भाषा) इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) के विधायकों ए एम शाहजहां और वन्नी अरासु को शुक्रवार को यहां लोक भवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्री पद की शपथ दिलाई।
विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की नवगठित सरकार में कांग्रेस के दो सदस्यों के मंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही वर्तमान सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी दलों की संख्या चार हो गई है जो दर्शाता है कि गठबंधन सरकार का स्वरूप तमिलनाडु में राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से बदल रहा है।
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव तक द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी रहे आईयूएमएल और वीसीके पर द्रमुक नेता ए राजा की व्यंग्यात्मक टिप्पणी के बीच शाहजहां और वन्नी अरासु ने मंत्री पद की शपथ ली।
द्रमुक के लंबे समय से सहयोगी रहे वीसीके और आईयूएमएल ने टीवीके को सरकार गठन में तब समर्थन दिया था जब उसके पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं था।
द्रमुक के उप महासचिव राजा ने टीवीके मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली दोनों पार्टियों की तुलना ''पड़ोसी की ओर झुकने वाले नारियल के पेड़'' से करते हुए पूछा, ''उन लोगों को क्या नाम दिया जाना चाहिए जो नारियल के उस पेड़ की तरह दूसरों को लाभ पहुंचाने की कोशिश करते हैं जो झुककर पड़ोसी को नारियल देता है?''
पापनासम विधानसभा क्षेत्र से विजयी हुए शाहजहां और तिंडिवनम क्षेत्र से विजयी हुए वन्नी अरासु ने यहां लोकभवन में मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय की उपस्थिति में पद और गोपनीयता की शपथ ली।
विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में इन दो विधायकों के शामिल होने से मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई है, जो संविधान के तहत अधिकतम स्वीकृत सीमा है।
ए एम शाहजहां को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है जबकि वीसीके नेता वन्नी अरासु को सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण से पहले वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी के अधिकतर सदस्यों का मानना है कि वीसीके को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना चाहिए। उनकी पार्टी तमिलनाडु में गठबंधन शासन प्रणाली की वकालत करने वाली पहली पार्टी थी।
उन्होंने कहा, ''1999 में जब हम जी के मूपनार के साथ चुनावी राजनीति में शामिल हुए थे तब हमने शासन में भागीदारी और मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व का प्रस्ताव रखा था। गठबंधन शासन मॉडल पहली बार लागू किया जा रहा है। इसलिए, टीवीके के आमंत्रण और पार्टी के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पार्टी के अधिकतर पदाधिकारियों की यही राय थी कि गठबंधन में शामिल होने का निर्णय लिया जाए।''
आईयूएमएल नेता शाहजहां (57) ने तिरुचिरापल्ली के जमाल मोहम्मद कॉलेज से विज्ञान स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वह तंजावुर जिले के थिरुमंगलकुडी के निवासी हैं।
विधानसभा में विश्वास मत के दौरान आईयूएमएल ने भले ही टीवीके सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया था लेकिन मुख्यमंत्री विजय ने पार्टी को मंत्रिमंडल में जगह देने की पेशकश की। आईयूएमएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के एम कादर मोहिदीन ने शाहजहां को मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए नामित किया।
विजय ने आठ दलित मंत्रियों - डी लोकेश तमिलसेल्वन, वन्नी अरासु, राजमोहन, एस कमाली, पी मथन राजा, के थेन्नारासु, वी गांधीराज और पी विश्वनाथन को नियुक्त किया है।
मंत्रिमंडल में पहली बार दो ब्राह्मण मंत्री पी वेंकटरामन और एस रमेश भी शामिल हैं। चार महिला मंत्री हैं: एस कमाली, एस कीर्तना, सी विजयलक्ष्मी और के जगदीश्वरी।
टीवीके सरकार में शामिल कांग्रेस के दो मंत्री (राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन) हैं। कांग्रेस की तरह ही, अन्य गठबंधन दलों ने भी 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में द्रमुक के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।
मंत्रिमंडल की औसत आयु अपेक्षाकृत कम है क्योंकि 11 से अधिक मंत्री 40 वर्ष से कम आयु के हैं, जबकि दो महिला मंत्री - कीर्तना और कमाली 30 वर्ष से कम उम्र की हैं।
शपथ ग्रहण के बाद शाहजहां ने पत्रकारों से कहा, ''मैं वाकई बहुत खुश हूं। यह आईयूएमएल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। हमने अतीत में कई चुनाव लड़े हैं, लेकिन यह पहली बार है कि आईयूएमएल तमिलनाडु में मंत्रिमंडल में शामिल हुई है।''
भाषा सुरभि वैभव
वैभव
2205 1604 चेन्नई