ओडिशा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, झारसुगुड़ा में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
गोला
- 21 May 2026, 11:22 PM
- Updated: 11:22 PM
भुवनेश्वर, 21 मई (भाषा) ओडिशा में बृहस्पतिवार को लू की स्थिति के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा और झारसुगुड़ा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार है।
दिन के दौरान सड़कें काफी हद तक सुनसान रहीं खासकर पश्चिमी ओडिशा में लोग चिलचिलाती गर्मी के कारण घरों से बाहर नहीं निकले।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र के अनुसार, राज्य में 10 स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और कम से कम 24 स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
बोलांगीर और संबलपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, इसके बाद टिटलागढ़ और हीराकुड में 44.5 डिग्री सेल्सियस, सोनपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस और बौध में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
तालचर में 43.8 डिग्री सेल्सियस, अंगुल में 43.6 डिग्री सेल्सियस, भवानीपटना में 43.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि सुंदरगढ़ और नयागढ़ में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, भुवनेश्वर में चिलचिलाती गर्मी और उमस का मौसम रहा तथा तापमान में पिछले दिन की तुलना में 5.4 डिग्री की तीव्र वृद्धि दर्ज की गई और यह 42.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत से अधिक रही।
कटक में बुधवार के 37.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी ने शुक्रवार के लिए झारसुगुडा, संबलपुर, बोलांगीर और नयागढ़ जिलों में भीषण लू की स्थिति के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, बारगढ़, अंगुल, सोनपुर, बौध, बालासोर, कटक, ढेंकनाल, क्योंझर, मयूरभंज, मल्कानगिरी, गंजम, पुरी और खुर्दा सहित कई अन्य जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' (सावधान रहें) जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
इसके अलावा, शुक्रवार की दोपहर या शाम को क्योंझर, मयूरभंज, कोरापुट, गंजाम, पुरी, खुर्दा, बालासोर और कटक सहित कई जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं तथा गरज के साथ बूंदाबांदी होने का भी पूर्वानुमान है।
इस बीच, आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को भुवनेश्वर, कटक और खुर्दा के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे उमस भरे मौसम से कुछ राहत मिली।
भाषा
शुभम गोला
गोला
2105 2322 भुवनेश्वर