पश्चिम बंगाल की सरकार राष्ट्रवादियों की होगी: शुभेंदु अधिकारी
मनीषा
- 20 May 2026, 04:35 PM
- Updated: 04:35 PM
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 20 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार राष्ट्रवादियों की होगी और वह भारतीय परंपरा और संस्कृति को कायम रखेगी तथा राज्य में व्यवस्था को बदलने के लिए काम करेगी।
उत्तर बंगाल के लोगों का भाजपा को लगातार समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री के रूप में क्षेत्र की अपनी पहली यात्रा पर आए शुभेंदु ने कहा कि नवगठित सरकार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को एक निश्चित समयसीमा के भीतर पूरा करेगी।
शुभेंदु ने कहा, ''यह जनता और राष्ट्रवादियों की सरकार होगी तथा भारतीय परंपरा और संस्कृति को बनाए रखेगी।''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम एक ऐसी आदर्श सरकार देंगे जो जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। हम केवल सत्तारूढ़ दल के झंडे का रंग बदलना या शीर्ष पर बैठे लोगों को बदलना नहीं चाहते बल्कि हम व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं।''
उत्तर बंगाल के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी स्थित भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के 'संकल्प पत्र' (चुनावी घोषणापत्र) में किए गए वादों को लागू किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और पार्टी के बीच निर्बाध समन्वय बना रहेगा।
नयी सरकार ने अन्नपूर्णा योजना शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत ममता बनर्जी सरकार की लक्ष्मीर भंडार योजना में महिलाओं को दी जाने वाली 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता को दोगुना करके 3,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है।
सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा निःशुल्क कर दी है और राज्य में आयुष्मान भारत योजना शुरू करने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि बदले हुए हालात में पश्चिम बंगाल में न तो गिरोह चलेंगे, न ही रिश्वतखोरी का चलन रहेगा, न माफिया राज रहेगा और न ही किसी तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधि होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व में कई बार कहा है कि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान पश्चिम बंगाल में 'सिंडिकेट राज', 'कट मनी संस्कृति' और 'माफिया राज' का बोलबाला था, और उन्होंने राज्य में कानून का शासन स्थापित करने का संकल्प लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी भाजपा सरकार सुनिश्चित करेगी कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणबानंद के सपने साकार हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के सुझावों पर काम करेगी।
उन्होंने कहा, ''हम जनता को शामिल करते हुए सरकार चलाना चाहते हैं, ताकि संविधान में निहित 'जनता की, जनता द्वारा, जनता के लिए' के सिद्धांत को पूरा किया जा सके। टीएमसी ने इसे 'परिवार के लिए, परिवार द्वारा और परिवार का' तथा 'पार्टी के लिए, पार्टी द्वारा, पार्टी का' में बदल दिया था।''
शुभेंदु ने कहा कि पिछली सरकार के पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण भाजपा समर्थकों को नुकसान उठाना पड़ा और लोगों को स्वतंत्र रूप से अपने धर्म का पालन करने से रोकने के कई उदाहरण सामने आए।
उन्होंने कहा, "पिछली सरकार ने लोगों में फूट डालने की कोशिश की। पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को बांटने के लिए 11 अलग-अलग बोर्ड बनाए गए थे।"
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा
2005 1635 सिलीगुड़ी