दिल्ली पुलिस ने 17 साल से फरार 5,000 रुपये के इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार
माधव
- 19 May 2026, 10:10 PM
- Updated: 10:10 PM
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 2009 के मवेशी चोरी और अवैध वध के मामले में17 साल से फरार 5,000 रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी शाकिर (42) के रूप में हुई है। उसे एक गुप्त सूचना के आधार पर 18 मई को दिल्ली के मोरी गेट इलाके के पास से पकड़ा गया।
शाकिर वसंत कुंज उत्तर थाने में चोरी, जानवरों के वध और पशु क्रूरता अधिनियम के प्रावधानों से संबंधित धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था।
यह मामला 2009 में रात के समय एक डेयरी फार्म से छह मवेशियों की कथित चोरी से संबंधित है, जिसके बाद मांस के लिए एक सुनसान स्थान पर जानवरों का कथित रूप से वध कर दिया गया था।
पुलिस ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके साथी दिन के समय डेयरी फार्मों की रेकी करते थे, संवेदनशील स्थानों की पहचान करते थे और बाद में रात के दौरान संगठित समूहों में मवेशी चुराते थे।
अधिकारी ने कहा, "वे भारी हथियारों से लैस थे और विरोध करने पर डेयरी फार्मों के अंदर सो रहे व्यक्तियों पर हमला करने से नहीं हिचकिचाते थे।"
प्रारंभिक जांच के दौरान, शाकिर कथित तौर पर अपनी पहचान और मामले में संलिप्तता छिपाने में कामयाब रहा था और बाद में अप्रैल 2010 में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
जांचकर्ताओं ने शाकिर को अंतरराज्यीय अपराधी बताया है, जो कथित तौर पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, पुलिस कर्मियों पर हमले, शस्त्र कानून,और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराधों सहित 17 मामलों में शामिल है।
पुलिस ने कहा कि 2012 में भारत नगर थाने में दर्ज ऐसे ही एक मामले में, शाकिर और उसके साथियों ने कथित तौर पर जांच के दौरान भागने की कोशिश करते हुए दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को वाहन से कुचल दिया था। बाद में उसे उस मामले में भी गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की हरियाणा के धौज इलाके में मांस की दुकान है और उसके छह बच्चे हैं।
अधिकारी ने कहा, "उसका भाई साहिद उर्फ बिल्ली वर्तमान में धौला कुआं सामूहिक बलात्कार मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।" पुलिस ने कहा कि आगे की पूछताछ जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
1905 2210 दिल्ली