खालिद जमील ने लंदन में यूनिटी कप के लिए 28 सदस्यीय टीम घोषित की
नमिता
- 14 May 2026, 07:53 PM
- Updated: 07:53 PM
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) भारत की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने 26 से 30 मई तक लंदन में होने वाले यूनिटी कप के लिए बृहस्पतिवार को 28 सदस्यीय शुरुआती टीम की घोषणा की जिसमें चार गोलकीपर और आठ फारवर्ड शामिल हैं।
भारतीय टीम इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के खत्म होने के बाद बेंगलुरु में संक्षिप्त शिविर के लिए एकत्रित होगी। इसके बाद 24 मई को वे चार देशों के इस टूर्नामेंट के लिए लंदन रवाना हो जाएंगे।
इस टूर्नामेंट में नाइजीरिया, जिम्बाब्वे और जमैका अन्य तीन टीम हैं।
भारत (फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर) का मुकाबला 27 मई को दूसरे सेमीफाइनल में जमैका (71वें स्थान पर) से होगा जबकि नाइजीरिया (26वें स्थान पर) और जिम्बाब्वे (130वें स्थान पर) का मुकाबला उससे एक दिन पहले होगा। इन दोनों मैच के विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे जबकि हारने वाली टीमें तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करेंगी। ये दोनों मैच 30 मई को खेले जाएंगे।
जमील शिविर के दौरान खिलाड़ियों का आकलन करेंगे और उसके बाद 23 खिलाड़ियों की अंतिम टीम चुनेंगे जो लंदन जाएगी।
जमील ने कहा, ''यूनिटी कप हमारे लिए इस साल के आखिर में होने वाली सैफ चैंपियनशिप जैसे आधिकारिक टूर्नामेंट की तैयारी करने का एक बेहतरीन मौका होगा। हमें आगे आने वाले टूर्नामेंट की तैयारी के लिए उपलब्ध हर फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो का पूरा इस्तेमाल करना चाहिए।''
उन्होंने कहा, ''हमने मौजूदा आईएसएल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर शुरुआती टीम के लिए 28 खिलाड़ियों को चुना है। अंतिम 23 खिलाड़ियों को चुनने से पहले हमारे पास उनका आकलन करने के लिए कुछ दिन होंगे।''
भारत के मुख्य कोच का मानना है कि मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खेलने से टीम का मनोबल बढ़ेगा।
जमील ने कहा, ''हम उन मजबूत टीमों के खिलाफ खेल रहे हैं जो काफी ऊंचे स्तर का खेल दिखाती हैं। मुझे लगता है कि ये मैच खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाएंगे और हमें भी उस स्तर पर खेलने में मदद करेंगे। हमें इस तरह के और भी मैच खेलने चाहिए।''
भारत की 28 सदस्यीय शुरुआती टीम:
गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, विशाल कैथ, ऋतिक तिवारी, अल्बिनो गोम्स।
डिफेंडर: राहुल भेके, निखिल पुजारी, रोशन सिंह नौरेम, अभिषेक सिंह टेकचम, अनवर अली, संदेश झिंगन, आकाश मिश्रा, बिजोय वर्गीस, परमवीर।
मिडफील्डर: आशिक कुरुनियन, लालेंगमाविया राल्टे, सहल अब्दुल समद, अनिरुद्ध थापा, जैकसन सिंह थौनाओजम, नौफल पीएन, रिकी शाबोंग।
फारवर्ड: रेयान विलियम्स, मनवीर सिंह, लिस्टन कोलासो, सुहैल अहमद भट, एडमंड लालरिंडिका, लालियानजुआला चांग्टे, रहीम अली और फारुख चौधरी।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
1405 1953 नयी दिल्ली