नीट (यूजी) 2026: सीबीआई ने प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की
माधव
- 12 May 2026, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्र कथित तौर पर लीक होने के सिलसिले में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी-2026' को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की तथा सरकार ने सीबीआई को इन 'अनियमितताओं' की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से लिखित शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने कार्रवाई शुरू की।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र से निर्देश मिलने के बाद सीबीआई ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात तथा साक्ष्य नष्ट करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराधों और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत मामला दर्ज किया।
एजेंसी ने विभिन्न स्थानों पर कई विशेष दलों को भेजा है और राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) से भी सामग्री एकत्र करेगी।
सीबीआई ने इससे पहले 2024 के नीट परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले को सुलझाया था।
घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, ''यह भी आरोप लगाया गया है कि एनटीए को नीट (यूजी) 2026 परीक्षा आयोजित होने से पहले परीक्षा से संबंधित कुछ दस्तावेजों के कथित प्रसार के बारे में शिकायत और सूचना प्राप्त हुई थी।''
उन्होंने कहा कि इन आरोपों से परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता से समझौता होने की आशंका का संकेत मिलता है।
अधिकारी ने कहा, ''सीबीआई ने कथित अनियमितताओं के साथ-साथ इससे जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं की संलिप्तता का पता लगाने के लिए मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है।''
नीट यूजी 2026 परीक्षा तीन मई को भारत के 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में आयोजित की गई थी।
यह परीक्षा लगभग 23 लाख पंजीकृत परीक्षार्थियों के लिए आयोजित की गयी थी।
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के चार दिन बाद सात मई की शाम को कथित अनियमितताओं से संबंधित सूचनाएं प्राप्त हुईं और आठ मई की सुबह ''स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई'' के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गईं।
एनटीए ने कहा, ''केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एनटीए द्वारा तथ्यों को परखे जाने और कानून लागू करने वाली एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तीन मई 2026 को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को भारत सरकार की मंजूरी से रद्द करने और अलग से अधिसूचित तिथियों पर परीक्षा पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है।''
राजस्थान पुलिस के एसओजी ने दावा किया था कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को कथित तौर पर दिये गये रसायन विज्ञान के एक ''गेस प्रश्नपत्र'' में लगभग 410 प्रश्न थे, जिनमें से लगभग 120 प्रश्न परीक्षा में आए थे।
परीक्षा में हालांकि रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र में 45 प्रश्न थे, लेकिन परीक्षा में प्रश्नपत्रों के चार सेट का इस्तेमाल किया गया था।
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने कहा था, ''बताया जा रहा है कि यह गेस प्रश्नपत्र छात्रों के बीच काफी पहले से ही वितरित किया गया था; यह वास्तविक परीक्षा से 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक उन तक पहुंचना शुरू हो गया था। हम 'गेस प्रश्नपत्र' के आधार पर जांच कर रहे हैं और यह सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है।''
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
1205 2125 दिल्ली