पश्चिम बंगाल के सीईओ मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया
माधव
- 11 May 2026, 10:12 PM
- Updated: 10:12 PM
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 11 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल को राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
आदेश के अनुसार, 1990 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का नेतृत्व किया था। एसआईआर के दौरान लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे।
आदेश में कहा गया है कि मौजूदा मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला को नयी दिल्ली में प्रमुख स्थानीय आयुक्त नियुक्त किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने नंदिनी चक्रवर्ती को मुख्य सचिव पद से हटाकर 1993 बैच के आईएएस अधिकारी नरियाला को इस पद पर नियुक्त किया था।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के पूर्व छात्र अग्रवाल (60) अपने करियर में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार के कई प्रमुख विभागों जैसे कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, खाद्य, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं और वन विभाग में सेवा दी है। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
अधिकारियों के अनुसार उन्होंने राज्य राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया और कोना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित महत्वपूर्ण एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना तैयार की।
राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अग्रवाल ने कोविड-19 महामारी के समय सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्य कूपन वितरण की जिम्मेदारी सरकार के जनप्रतिनिधियों के बजाय सरकारी अधिकारियों को सौंपने का निर्देश दिया था।
उनका यह रुख कथित तौर पर तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार को पसंद नहीं आया।
इसके बाद अग्रवाल को राज्य वन विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन बाद में उन्हें राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया।
इस पद पर रहते हुए उन्होंने एसआईआर की जिम्मेदारी संभाली, जिसे भाजपा ने "मतदाता सूची का आवश्यक शुद्धिकरण अभियान" बताया, जबकि टीएमसी ने इसे "भाजपा के इशारे पर वैध मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की सोची-समझी कोशिश" करार दिया।
हालांकि अग्रवाल इस वर्ष जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, लेकिन राज्य सचिवालय के सूत्रों के अनुसार उन्हें सेवा विस्तार मिलने की लगभग पूरी संभावना है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में पहली बार सरकार बनाई है। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। भाजपा को 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 207 सीट पर जीत मिली जबकि टीएमसी 80 सीट पर सिमट गई।
भाषा जोहेब माधव
माधव
1105 2212 कोलकाता