नीट अब परीक्षा नहीं, नीलामी बन चुकी है : राहुल
दिलीप
- 11 May 2026, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी' में कथित अनियमितता को लेकर सोमवार को दावा किया कि नीट अब परीक्षा नहीं, बल्कि नीलामी बन चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार युवाओं के सपनों के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि नीट (स्नातक) 2026 का आयोजन "पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल" के तहत किया गया तथा कथित अनियमितताओं की राजस्थान एसओजी (विशेष अभियान समूह) द्वारा की जा रही पड़ताल की खबरों के बीच वह जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
स्नातक स्तर पर चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा तीन मई को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित की गई थी।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''नीट 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी। परीक्षा नहीं - नीट अब नीलामी है। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले व्हाट्सऐप पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज़्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाज़ार में सरेआम नीलाम हो गया।''
उन्होंने कहा, ''यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा। हर बार वही वादे, और फिर वही ख़ामोशी।''
कांग्रेस नेता ने कहा, ''मोदी जी, जब आप अपनी हर नाकामी का बिल जनता पर डालते हैं, तो ग़रीब के बच्चों का भविष्य भी उसी बिल में आता है। 22 लाख बच्चों का भरोसा टूटा है।''
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार से बड़ा ख़तरा भारत के युवाओं के सपनों के लिए कोई नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा, ''मैं भारत के युवा के साथ हूं। यह वक़्त बेहद मुश्किल है - मैं जानता हूँ। लेकिन यह व्यवस्था ऐसे नहीं रहेगी। हम मिलकर इसे बदलेंगे।''
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया, ''मोदी सरकार में परीक्षा प्रणाली पूरी तरह अव्यवस्था, अविश्वास और अराजकता का प्रतीक बन चुकी है। नीट के अब तक कम से कम 4 पेपर लीक हो चुके हैं - 2026, 2024, 2021, 2016।''
उन्होंने दावा किया कि करोड़ों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना भाजपा की आदत बन चुकी है।
खरगे ने कहा, ''ये निकम्मी सरकार नौकरियां देती नहीं, भर्ती-परीक्षा में धांधली करती है, पेपर-लीक माफिया का संरक्षण करती है, पकड़े जाने पर लीपा-पोती में जुट जाती है।''
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के प्रति जवाबदेह हैं और ऐसे में नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने का सिलसिला कब तक जारी रहेगा।
भाषा
हक दिलीप
दिलीप
1105 2021 दिल्ली