इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश अप्रैल में पांच प्रतिशत घटकर 38,440 करोड़ रुपये पर
अजय
- 11 May 2026, 06:29 PM
- Updated: 06:29 PM
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में तनाव, कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक वृद्धि से जुड़ी चिंताओं के बीच इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में अप्रैल माह के दौरान 38,440 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया जो मार्च के मुकाबले करीब पांच प्रतिशत कम है। उद्योग निकाय एम्फी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल में व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) के माध्यम से किया जाने वाला मासिक योगदान भी घटकर 31,115 करोड़ रुपये रह गया, जबकि मार्च में यह 32,087 करोड़ रुपये था।
हालांकि, म्यूचुअल फंड उद्योग में समग्र रूप से अप्रैल के दौरान 3.22 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया, जबकि मार्च में 2.4 लाख करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। अप्रैल में यह बढ़त मुख्य रूप से ऋण-आधारित डेट फंड्स में 2.5 लाख करोड़ रुपये के भारी निवेश से आई।
इस प्रवाह के चलते उद्योग की कुल प्रबंधन-अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 11 प्रतिशत बढ़कर अप्रैल के अंत तक 81.92 लाख करोड़ रुपये हो गईं, जो मार्च के अंत में 73.73 लाख करोड़ रुपये थीं।
एम्फी के मुख्य कार्यकारी वेंकट चलसानी ने कहा कि यह बढ़त विभिन्न श्रेणियों में मजबूत सकारात्मक निवेश प्रवाह और महीने के दौरान बाजार मूल्यांकन में आई तेजी का नतीजा रही।
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के शोध प्रबंधक हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा, ''समग्र रुझान यह दर्शाता है कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चित माहौल और शेयर बाजारों में समय-समय पर उतार-चढ़ाव के बावजूद घरेलू निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है।''
श्रेणीवार आंकड़ों के मुताबिक, इक्विटी फंड योजनाओं में निवेश घटकर अप्रैल में 38,440 करोड़ रुपये रह गया जबकि मार्च में यह 40,450 करोड़ रुपये था। हालांकि, यह फरवरी के 25,978 करोड़ रुपये से अधिक है।
यह लगातार 62वां महीना है जब इस श्रेणी में शुद्ध निवेश सकारात्मक दर्ज किया गया है।
अधिकांश श्रेणियों में निवेश सकारात्मक रहा लेकिन मुनाफावसूली और पोर्टफोलियो पुनर्संतुलन की वजह से लाभांश प्रतिफल और इक्विटी-संबद्ध बचत योजना (ईएलएसएस) फंड में मामूली निकासी दर्ज की गई।
इक्विटी खंड में फ्लेक्सी कैप फंड में सबसे अधिक 10,148 करोड़ रुपये का निवेश आया। इसके बाद स्मॉलकैप में 6,886 करोड़ रुपये और मिडकैप में 6,551 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। वहीं लार्जकैप में 2,525 करोड़ रुपये का शुद्ध प्रवाह दर्ज किया गया।
इसके अलावा, सोना आधारित गोल्ड ईटीएफ में अप्रैल के दौरान 3,040 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो मार्च के 2,266 करोड़ रुपये से अधिक है।
भाषा
प्रेम अजय
अजय
1105 1829 दिल्ली