असम के राज्यपाल ने हिमंत को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया
संतोष
- 10 May 2026, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
(फोटो के साथ)
गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को राज्य में अगली सरकार बनाने का रविवार को निमंत्रण दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
आम राय से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शर्मा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं के साथ लोक भवन में आचार्य से मुलाकात की और सरकार के गठन का दावा पेश किया।
लोक भवन ने बयान में कहा, "राज्यपाल ने डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को असम में नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।"
बयान में यह भी कहा गया है कि आचार्य 12 मई को शर्मा को मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह खानापाड़ा में स्थित वेटेरिनरी कॉलेज प्लेग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।
भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने हाल ही में हुए 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 102 सीट जीतकर बहुत हासिल किया। भाजपा ने 82 सीट जीतीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।
पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा लगातार दूसरी बार इस पद पर आसीन होने वाले राज्य के पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे।
शर्मा ने राज्यपाल को सौंपा गया पत्र पढ़ते हुए कहा, "मैं भाजपा का विधायक दल का नेता चुना गया हूं। राजग में शामिल दलों बीपीएफ और एजीपी ने भी मुझे अपना नेता चुना है।"
उन्होंने कहा, "मुझे राजग के 102 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। मेरे पास सभी के हस्ताक्षर वाला पत्र भी है।"
एजीपी के प्रमुख अतुल बोरा और बीपीएफ के नेता रिहोन देमारी ने भी राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपे।
असम में राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने पहली बार 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।
भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक जे.पी. नड्डा और सह-पर्यवेक्षक नायब सिंह सैनी शर्मा और अन्य गठबंधन नेताओं के साथ लोक भवन पहुंचे।
पत्रकारों से बात करते हुए, नड्डा ने कहा कि चुनाव परिणाम यह दर्शाता है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की विकास नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है।
उन्होंने असम में केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना भी की।
नड्डा ने कहा, "आने वाले पांच वर्षों में, प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाएं पेश करेंगे, जिन्हें असम में हिमंत विश्व शर्मा लागू करेंगे। हमारे पास एक सक्रिय, उत्तरदायी, जवाबदेह सरकार होगी।
इससे पहले नड्डा और सैनी की उपस्थिति में शर्मा को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
रंजीत कुमार दास, अजन्ता नियोग, अशोक सिंघल और पीयूष हजारिका समेत पार्टी के आठ विधायकों ने विधायक दल के नेता के लिए शर्मा का नाम पेश किया, जिसे आम राय से स्वीकार कर लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए, शर्मा ने मतदाताओँ को इस जनादेश के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि नयी सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण व विकास के लिए और अधिक उत्साह के साथ काम करेगी।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
1005 1954 गुवाहाटी