प्लेऑफ की उम्मीद जीवंत रखने के लिए एलएसजी से भिड़ेगा सीएसके
पंत
- 09 May 2026, 11:48 AM
- Updated: 11:48 AM
चेन्नई, नौ मई (भाषा) अंकतालिका में छठे स्थान पर काबिज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए रविवार को यहां सबसे निचले पायदान पर मौजूद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
अब जबकि टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है तब सीएसके शीर्ष चार में जगह बनाने की दौड़ में शामिल है। उसके अभी तक के अभियान में निरंतरता का अभाव रहा है। उसने अपने घरेलू मैदान और विरोधी टीम के मैदान दोनों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है।
पांच बार का चैंपियन सीएसके अब चेपॉक में वापसी करेगा। उसके पास एलएसजी के खिलाफ लय हासिल करने का बेहतरीन मौका है। लखनऊ की टीम के लिए यह सत्र निराशाजनक रहा और वह प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।
सीएसके का पूरा अभियान काफी हद तक संजू सैमसन के इर्द-गिर्द घूमता रहा है, जिनकी शीर्ष क्रम में अच्छी पारियों ने अक्सर टीम की किस्मत तय की है।
जहां टीम के नए खिलाड़ी सैमसन बल्लेबाजी के आधार स्तंभ के रूप में उभरे हैं, वहीं कप्तान रुतुराज गायकवाड़ बल्लेबाजी में निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
रुतुराज ने इस महीने की शुरुआत में 74 और 67 रन की महत्वपूर्ण पारियों के साथ फॉर्म में वापसी की है। वह हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में असफल रहे, जहां सैमसन ने 52 गेंदों में 87 रन की मैच विजेता पारी खेली।
सीएसके की टीम को मध्य क्रम के बल्लेबाजों डेवाल्ड ब्रेविस, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे से भी अच्छे योगदान की उम्मीद होगी।
महेंद्र सिंह धोनी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले लगी पिंडली की चोट के कारण अभी तक कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने हालांकि नेट पर अभ्यास किया है, लेकिन उन्हें अभी तक अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली है।
मौजूदा टूर्नामेंट के दौरान चेपॉक की पिचों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। अब यह अपनी पारंपरिक रूप से बेहद धीमी और स्पिन गेंदबाजों की मददगार प्रकृति से बदलकर अधिक संतुलित और बल्लेबाजों के लिए अनुकूल हो गई हैं। इसके बावजूद यहां स्पिनरों को कुछ मदद मिल रही है। ऐसे में बीच के ओवरों में अकील हुसैन और नूर अहमद की जोड़ी सीएसके के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
अगर एलएसजी की बात करें तो उसके लिए यह सत्र निराशाजनक रहा है। उसने 10 मैच में केवल तीन जीत हासिल की हैं और वह तालिका में सबसे नीचे (10वें स्थान पर) है।
कप्तान ऋषभ पंत के लिए यह सत्र चुनौतीपूर्ण रहा है और अब तक वह बल्लेबाजी में अपने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की कीमत को सही साबित करने में नाकाम रहे हैं। पंत ने गुरुवार को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 10 गेंदों में 32 रन की शानदार पारी खेली लेकिन उनका समग्र प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
एलएसजी की टीम इस सत्र में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में एकजुट होकर प्रदर्शन नहीं कर पाई है। लेकिन आरसीबी के खिलाफ नौ रन की जीत में मिचेल मार्श की 56 गेंदों पर खेली गई 111 रन की पारी ने उसके अभियान को एक नई गति प्रदान की है।
आरसीबी के खिलाफ जीत से एलएसजी ने लगातार छह मैचों की हार का सिलसिला तोड़ दिया।
तालिका में निचले पायदान पर होने के बावजूद इस जीत ने एलएसजी की प्लेऑफ में पहुंचने की धुंधली उम्मीदों को जीवंत रखा।
जहां तक एलएसजी के गेंदबाजी आक्रमण की बात है तो उसकी अगुवाई अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कर रहे हैं। उन्हें प्रिंस यादव तथा स्पिनर शाहबाज अहमद और दिग्वेश सिंह राठी का उपयोगी सहयोग मिल रहा है।
जोश इंग्लिस और मोहसिन खान के चोटिल होने से एलएसजी को नुकसान हुआ है।
टीम इस प्रकार हैं:
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, अमन खान।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव.
मैच दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।
भाषा
पंत
पंत
0905 1148 चेन्नई