पंजाब में ईडी के छापों के बाद 'आप' के स्वच्छ राजनीति के दावे की पोल खुली : भाजपा
नेत्रपाल
- 08 May 2026, 04:42 PM
- Updated: 04:42 PM
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापों को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो लोग कभी ''ईमानदारी के प्रमाणपत्र बांटते थे'', आज उनके करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर छापे पड़ रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने बृहस्पतिवार को पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर तलाशी ली। इनमें पंजाब में 'आप' के एक पदाधिकारी के कथित सहयोगी के ठिकाने भी शामिल हैं। यह कार्रवाई दो रियल एस्टेट समूहों के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत की गई, जिन पर भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) में फर्जीवाड़ा करने और निवेशकों को ठगने के आरोप हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के स्वच्छ राजनीति के दावे बेनकाब हो गए हैं। उन्होंने आप पर भ्रष्टाचार तथा जमीन से जुड़े घोटालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उन्होंने 'पीटीआई-वीडियो' से कहा, ''पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्वच्छ राजनीति करने का दिखावा करने वाली आम आदमी पार्टी की सच्चाई परत-दर-परत सामने आ रही है। जो लोग ईमानदारी के प्रमाणपत्र बांटते थे, आज उनके अपने करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर छापे पड़ रहे हैं।''
चुघ ने दावा किया कि ईडी ने अपने आधिकारिक बयान में पंजाब के आप के एक वरिष्ठ नेता का सीधे नाम लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ''जमीन के फर्जी दस्तावेज, संदिग्ध सीएलयू प्रमाणपत्र, अतिक्रमण और राजनीतिक संरक्षण - यह केवल बिल्डरों से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि 'आप' सरकार के तहत जमीन की लूट का खुलासा है।''
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद में 'आप' को वोट दिया था, लेकिन राज्य अब शासन और कानून-व्यवस्था में गिरावट देख रहा है।
उन्होंने कहा, ''पंजाब के लोगों ने बदलाव के नाम पर आम आदमी पार्टी को मौका दिया था। लेकिन आज पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। माफिया मजबूत हो गए हैं और भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है।''
चुघ ने आरोप लगाया कि दिल्ली से आया 'आप' नेतृत्व और पंजाब में चुने गए नेता दोनों ही राज्य को ''लूट'' रहे हैं।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपनी सरकार की ''विफलताओं'' से ध्यान हटाने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।
चुघ ने बृहस्पतिवार को मान को मानहानि का कानूनी नोटिस भी भेजा था। यह नोटिस जालंधर और अमृतसर में हुए दोहरे विस्फोटों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने संबंधी उनकी टिप्पणी को लेकर भेजा गया। उन्होंने मान से अपने दावे के समर्थन में सबूत पेश करने या पद से इस्तीफा देने की मांग की।
नशाखोरी, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब का हर वर्ग मौजूदा सरकार से परेशान है।
ईडी ने पिछले कुछ हफ्तों में पंजाब में राजनीतिक रूप से जुड़े कई लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्य में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होगा।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल
0805 1642 दिल्ली