भाजपा ने बंगाल चुनाव पर ट्रंप संबंधी 'पोस्ट' के लिए संजय राउत को 'भारतीय राजनीति का जोकर' बताया
वैभव
- 08 May 2026, 02:37 PM
- Updated: 02:37 PM
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित 'पोस्ट' साझा करने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत को शुक्रवार को ''भारतीय राजनीति का जोकर'' करार दिया और विपक्ष पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि ''धूमिल'' करने का आरोप लगाया।
राउत ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर ट्रंप को संबोधित एक पोस्ट में उन खबरों पर सवाल उठाया जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। राउत ने कहा कि चुनाव ''भारत के संघीय लोकतंत्र का आंतरिक मामला'' हैं और किसी भी बाहरी समर्थन को अनुचित और अपरिपक्व माना जाएगा।
राज्यसभा सदस्य राउत ने दावा किया कि चुनावों के संचालन को लेकर ''गंभीर चिंताएं'' सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ''डराने, धमकाने और व्यवस्थागत दबाव'' की शिकायतें मिली हैं।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राउत पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मोदी के विरोध में ऐसे बयान देते हैं।
पूनावाला ने 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ''संजय राउत भारतीय राजनीति के जोकर हैं। उन्होंने और राहुल गांधी ने घरेलू राजनीतिक तुच्छ लड़ाइयों के लिए भारत की छवि धूमिल करने की 'सुपारी' ले रखी है और मोदी के विरोध में वे देश का विरोध करते हैं।''
भाजपा नेता ने कहा कि भारत के लोकतंत्र की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है लेकिन विपक्षी नेता चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर झूठे विमर्श गढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''भारतीय लोकतंत्र की दुनिया भर में सराहना हो रही है और यह व्यक्ति भारत के बारे में उन तथ्यों को लेकर शिकायत कर रहा है, जो हैं ही नहीं।''
पूनावाला ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भर के लोग परिणाम पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खबरों के अनुसार ट्रंप ने भी भाजपा को बधाई दी है।
उन्होंने कहा, ''खबर है कि ट्रंप ने भी इस जीत के लिए भाजपा को बधाई दी है। इससे संजय राउत इतने परेशान हो जाते हैं कि वह 'एक्स' पर लंबी पोस्ट लिखकर डोनाल्ड ट्रंप को समझाने लगते हैं कि चुनाव में कैसे धांधली हुई है और किस प्रकार सब कुछ अनुचित है।''
पूनावाला ने आरोप लगाया कि जब भी चुनाव परिणाम विपक्षी दल के पक्ष में नहीं आते, वे संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं।
इससे पहले, राउत ने अपनी पोस्ट में यह भी आरोप लगाया था कि ''निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष तरीके से काम नहीं किया'' तथा उसकी कार्यप्रणाली भाजपा के पक्ष में दिखाई दी, जिससे ''संस्थागत निष्पक्षता को लेकर सवाल'' उठते हैं।
उन्होंने चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे ''भरोसे के बजाय दबाव'' का माहौल बना।
राउत ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा उठाई गई चिंताओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर लगाए गए आरोप एक ''व्यापक बेचैनी'' को दर्शाते हैं, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राउत ने अपनी पोस्ट में कहा, ''लोकतंत्र केवल चुनावों के बारे में नहीं है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव कराने के बारे में भी है। जब गंभीर आरोप सामने आते हैं, तो उनकी जांच होनी चाहिए, जश्न नहीं मनाया जाना चाहिए।''
उन्होंने ट्रंप से अधिक संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का अनुरोध किया।
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव
0805 1437 दिल्ली