सरकार बनने पर शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या के दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: ओराम
आशीष
- 07 May 2026, 11:51 PM
- Updated: 11:51 PM
जबलपुर, सात मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने पश्चिम बंगाल में हिंसा और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या की घटना की बृहस्पतिवार को निंदा करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल राजनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है और भाजपा के सत्ता में आने के बाद वहां की स्थिति में सुधार होगा।
अधिकारी के करीबी सहयोगी 42 वर्षीय चंद्रकांत रथ की बुधवार रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके मध्यमग्राम में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
ओराम ने संवाददाताओं से कहा, ''यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। हमारी सरकार बनने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।''
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले भाकपा और माकपा के शासनकाल में भी हिंसा होती थी और बाद में यह और बढ़ गई। ओराम ने कहा, ''लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद हम कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करेंगे और सुशासन देंगे।''
उन्होंने कहा, ''हमारी (भाजपा) सरकार बनने जा रही है और शपथ ग्रहण की तैयारियां चल रही हैं। यह बदलाव का दौर है।''
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''इस दौरान जो घटनाएं हुई हैं, वे नहीं होनी चाहिए थीं। इसलिए हमारी मांग है कि इन घटनाओं को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा दी जाए।''
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'वोट चोरी' संबंधी आरोपों पर ओराम ने कहा कि यदि भाजपा ''वोट चोर'' है तो कांग्रेस ने भी इसी तरह केरल में जीत हासिल की होगी।
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र पुराना है और निर्वाचन आयोग एक सम्मानित संस्था है, जो निष्पक्ष एवं सक्षम तरीके से चुनाव कराती है।
ओराम ने कहा कि चुनाव हारने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र का अपमान है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास सबसे अधिक आदिवासी विधायक, सांसद, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच और जनप्रतिनिधि हैं तथा आदिवासी क्षेत्रों में उसे 80 प्रतिशत समर्थन प्राप्त है।
'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ के बारे में उन्होंने कहा कि यह देश के सबसे बेहतरीन सैन्य अभियानों में से एक था। उन्होंने इसके लिए सशस्त्र बलों, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री एवं रक्षा मंत्री को बधाई दी।
ओराम ने कहा, ''इस अभियान ने 22 मिनट के भीतर अपना उद्देश्य हासिल कर लिया और सशस्त्र बलों ने इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।''
उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि पड़ोसी देश आतंकवाद के जरिए 'प्रॉक्सी वॉर' छेड़े हुए है, लेकिन उसकी ऐसी कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान को कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया, जिससे उसे लगा कि भारत कमजोर राष्ट्र है।
ओराम ने कहा, ''लेकिन 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए हमने उन्हें दिखा दिया कि हम जवाब देना जानते हैं और अपनी ताकत भी दिखा सकते हैं। हमने इसका प्रमाण दिया है।''
भाषा सं दिमो आशीष
आशीष
0705 2351 जबलपुर