भारत-वियतनाम को अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करना चाहिए: राष्ट्रपति लाम
माधव
- 07 May 2026, 08:45 PM
- Updated: 08:45 PM
(तस्वीरों के साथ)
मुंबई, सात मई (भाषा) वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने बृहस्पतिवार को वैश्विक स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के आगमन जैसे ''बड़े बदलावों'' के मद्देनजर वियतनाम और भारत के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने की वकालत की।
लाम ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं का पुनर्निर्माण, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी डिजिटल प्रौद्योगिकियों का उदय, हरित परिवर्तन और आर्थिक स्वायत्तता की बढ़ती मांगें दुनिया में हो रहे गहन परिवर्तन हैं।
लाम ने यहां भारत-वियतनाम व्यापार मंच को संबोंधित करते हुए कहा, ''ये घटनाक्रम वियतनाम और भारत के लिए आर्थिक सहयोग को मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक अवसर देते हैं और साथ ही साथ नयी मूल्य शृंखलाओं में रणनीतिक एकीकरण की ओर अग्रसर होने के अवसर भी प्रदान करते हैं।''
भारत की राजकीय यात्रा पर आए लाम ने कहा कि 2016 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना के बाद से वियतनाम और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंध और व्यापक हुए हैं। उन्होंने हालांकि कहा कि दोनों देश इससे कहीं अधिक कर सकते हैं।
वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव लाम ने कहा, ''हमारे पास इस कहानी में एक नया अध्याय लिखने के और भी अवसर हैं, न केवल सहयोग बल्कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला में सह-निर्माण के भी।''
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के कारोबारी समुदाय को दोनों सरकारों द्वारा लाए गए अनुकूल माहौल का लाभ उठाने में अधिक साहसी होने की जरूरत है, और उन्हें मिलकर काम करना चाहिए और अनुभव और प्रौद्योगिकी साझा करनी चाहिए।
लाम ने कारोबारी समुदाय से संबंधों को व्यापक बनाने और द्विपक्षीय व्यापार को अधिक संतुलित बनाने की अपील की। उन्होंने साथ ही एआई, सेमीकंडक्टर, फार्मास्यूटिकल्स, जैव प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर और अनुसंधान एवं विकास जैसे भविष्य के प्रमुख क्षेत्रों में अधिक निवेश करने का भी आह्ववान किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वियतनामी कंपनियों से राज्य को विशाल भारतीय बाजार में प्रवेश द्वार बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने महाराष्ट्र में कई क्षेत्रों में विन ग्रुप द्वारा किए गए 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता का भी स्वागत किया।
इससे पहले दिन में, लाम ने भारत के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज एनएसई में 'घंटी बजाकर' दिन के कारोबार की औपचारिक शुरुआत की।
हो ची मिन्ह सिटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुंबई के एमवीआईआरडीसी वर्ल्ड ट्रेड सेंटर द्वारा आयोजित एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया।
भाषा धीरज माधव
माधव
0705 2045 मुंबई