एक-दूसरे पर उंगली नहीं उठा रहे, हम सब एकजुट होकर खेल रहे हैं: मिलर
सुधीर
- 07 May 2026, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
(कुशान सरकार)
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के सीनियर बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी कोशिश में एकजुट बनी हुई है और टीम ने जानबूझकर किसी एक खिलाड़ी पर दोष मढ़ने से दूरी बनाए रखी है।
बल्लेबाजी में लगातार नाकामियों और क्षेत्ररक्षण में महंगी गलतियों जैसे मुश्किल दौर से गुजरने के बाद दिल्ली कैपिटल्स अब लीग चरण के आखिरी दौर में 'हर हाल में जीत' वाली स्थिति में पहुंच गई है।
अब उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी बचे चारों मैच जीतने होंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ मैच से पहले मिलर ने कहा, ''हम ऐसी स्थिति में हैं जहां हमने आपस में बात की है कि हम सब मिलकर खेल रहे हैं। जीत हो या हार, हम सब साथ हैं। ''
मिलर ने कहा, ''और हमने जो कुछ भी किया है, उसके लिए हम एक-दूसरे पर बिल्कुल भी उंगली नहीं उठा रहे हैं। हम सब मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं। ''
इस बात पर जोर देते हुए कि टीम के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने का समीकरण अब बिल्कुल सीधा है, उन्होंने कहा, ''हकीकत यह है कि हमें चार मैच जीतने हैं। इसलिए अगर हम ऐसा कर लेते हैं तो हम खुद को एक अच्छी स्थिति में पहुंचा लेंगे। ''
दिल्ली की हालिया हार के बारे में बात करते हुए मिलर ने कहा कि टीम ने कुल मिलाकर खराब क्रिकेट नहीं खेला है, बल्कि अहम मौकों पर टीम से गलतियां हुई हैं।
उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि हम बिल्कुल भी खराब क्रिकेट खेल रहे हैं। हम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन मैच में कुछ ऐसे पल आते हैं जब हम एक टीम के तौर पर कुछ खास क्षेत्रों में खुद को निराश कर देते हैं। ''
अपने खुद के उतार-चढ़ाव भरे सत्र और अंतिम एकादश में मिले सीमित मौकों के बारे में बात करते हुए मिलर ने माना कि यह निराशाजनक रहा है लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वह आईपीएल के समीकरणों को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने कहा, ''मैच नहीं खेल पाना, निश्चित रूप से एक खिलाड़ी के तौर पर यह निराशाजनक होता है। आप हमेशा हर मैच खेलना चाहते हैं, लेकिन आईपीएल के नियम ही ऐसे हैं कि इसमें सिर्फ चार विदेशी खिलाड़ियों को ही खेलने का मौका मिलता है इसलिए टीम के लिए सही संयोजन बनाना बहुत जरूरी हो जाता है। ''
दिल्ली कैपिटल्स का क्षेत्ररक्षण भी खराब रहा है, इस पर मिलर ने कहा, ''मैच में ऐसे पल आए जब हमने कुछ कैच छोड़े जो शायद मैच का नतीजा बदल सकते थे। ''
मिलर ने कहा कि अब टीम का पूरा ध्यान बाकी बचे चार मुकाबलों पर है। उन्होंने कहा, ''पिछले 10 मैचों में जो कुछ भी हुआ है, हम उससे मिली अच्छी बातों को ही साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन अगले चार मैच बहुत अहम हैं। ''
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
0705 2019 दिल्ली