भारत में एआई आधारित शासन संरचना के विकास की संभावना मौजूदः सर्विसनाउ वाइस चेयरमैन
रमण
- 07 May 2026, 04:10 PM
- Updated: 04:10 PM
(विलास टोकले)
लास वेगास (अमेरिका), सात मई (भाषा) व्यवसाय में व्यापक बदलाव के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सेवाएं देने वाली 'सर्विसनाउ' के वाइस चेयरमैन निक जिट्जॉन ने कहा है कि भारत में 'एआई-सक्षम सरकार' यानी कृत्रिम मेधा आधारित शासन संरचना के विकास का अवसर मौजूद है जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार, लागत में कमी और डेटा गोपनीयता को मजबूती मिल सकती है।
एआई-सक्षम सरकार एक ऐसा शासन मॉडल है, जिसमें कृत्रिम मेधा को सभी सार्वजनिक सेवाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में स्वाभाविक और भरोसेमंद तरीके से शामिल किया जाता है।
जिट्जॉन ने यहां आयोजित 'नॉलेज 2026 एआई' सम्मेलन के दौरान पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा, "एआई-सक्षम सरकार नागरिकों की पहचान की सुरक्षा करेगी और सरकारी सेवाएं देने वालों को कम लागत में बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करेगी।"
उन्होंने भारत के सार्वजनिक क्षेत्र में एआई के इस्तेमाल पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि लक्ष्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने का होना चाहिए, ताकि बार-बार कर राजस्व बढ़ाने की जरूरत ही न पड़े।
जिट्जॉन ने कहा, "आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई का बड़ा असर देखने को मिल सकता है। हम मानते हैं कि एआई-सक्षम सरकार के जरिए नागरिकों की पहचान सुरक्षित रखते हुए कम लागत में बेहतर सेवाएं दी जा सकती हैं।"
उन्होंने अपने भारत दौरे का जिक्र करते हुए डिजिटल नवाचार की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के प्रयासों की सराहना की।
भारत के नियामकीय ढांचे पर उन्होंने कहा कि सरकार देश को एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सर्विसनाउ के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि भारत कंपनी के लिए एक अहम बाजार है और यहां उसका निवेश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "भारत हमारे सबसे बड़े वैश्विक ठिकानों में से एक है, जिसमें हैदराबाद स्थित केंद्र सबसे बड़ा है।"
जिटजॉन ने एआई की वजह से नौकरियां खत्म होने की आशंका को खारिज करते हुए कहा, "एआई नौकरी नहीं छीनेगा, बल्कि एआई का इस्तेमाल करने वाले लोग इसका उपयोग नहीं करने वाले लोगों से आगे निकल जाएंगे। कौशल विकास से कार्यबल और मजबूत होगा।"
इस बीच, सर्विसनाउ ने एआई-आधारित आपूर्ति शृंखला समाधान को लेकर फेडेक्स के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार किया है। यह सहयोग एआई-संचालित स्वचालन को बढ़ावा देगा और फेडेक्स की लॉजिस्टिक समझ को सर्विसनाउ के मंच से जोड़ेगा।
सर्विसनाउ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बिल मैक्डरमॉट ने कहा कि इससे आपूर्ति शृंखला अधिक मजबूत बनेगी। वहीं, फेडेक्स के सीईओ राज सुब्रमण्यम ने कहा कि इससे ग्राहक सेवाएं और काम का स्वरूप बेहतर होगा।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
0705 1610 लास वेगास