स्टालिन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, विजय ने सरकार बनाने का भरोसा जताया
माधव
- 05 May 2026, 09:39 PM
- Updated: 09:39 PM
चेन्नई, पांच मई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता से बेदखल करने वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की चुनावी जीत के एक दिन बाद मंगलवार को एम.के. स्टालिन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं टीवीके प्रमुख विजय ने बहुमत की कमी के बावजूद सरकार बनाने का भरोसा जताया।
स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष में रहते हुए भी प्रभावी ढंग से काम करेगी।
टीवीके के पास सरकार बनाने के लिए जरूरी साधारण बहुमत से 10 सीटें कम हैं। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास केवल 108 सदस्य हैं।
इस बीच, पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि टीवीके ने अपने विधायकों के लिए पास के मामल्लापुरम स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरने की व्यवस्था की है ताकि वे सात मई को होने वाले विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकें।
सात मई को ही स्टालिन ने 2021 में मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था।
एक सूत्र ने बताया कि मंगलवार का दिन नवगठित टीवीके के संस्थापक विजय के लिए काफी व्यस्त रहा। उन्होंने पार्टी मुख्यालय का दौरा किया और सरकार के गठन का आश्वासन दिया।
उनका यह आश्वासन त्रिशंकु विधानसभा जैसी स्थिति और द्रमुक के सहयोगी थोल थिरुमावलवन (वीसीके प्रमुख) के इस दावे के बाद आया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव परिणाम ने राज्य में गठबंधन सरकार के लिए रास्ता साफ कर दिया है।
द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया कि टीवीके ने सरकार के गठन में कांग्रेस का समर्थन मांगने के लिए संपर्क किया है, लेकिन इस बारे में कोई फैसला कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
तेजी से हो रहे घटनाक्रमों के बीच, विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को सूचित करते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया। पार्टी ने कहा कि उसे 108 सीटें हासिल की हैं और सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए।
विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्ताधारी द्रमुक को करारी शिकस्त दी, जिसे केवल 59 सीटें ही मिलीं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अन्नाद्रमुक ने 47 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी पीएमके को चार और भाजपा तथा एएमएमके को एक-एक सीट मिली।
द्रमुक के अन्य सहयोगी दलों आईयूएमएल, भाकपा, माकपा और वीसीके ने दो-दो सीटें जीतीं और डीएमडीके को एक सीट मिली।
इस बीच, मुख्यमंत्री स्टालिन ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में अपनी द्रमुक पार्टी की हार के बाद इस्तीफा दे दिया। लोक भवन ने मंगलवार को बताया कि राज्यपाल ने उनका और उनके मंत्रिपरिषद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक वे पद पर बने रहें। स्टालिन ने कहा है कि द्रमुक एक सशक्त विपक्षी दल के रूप में कार्य करेगी।
भाषा संतोष माधव
माधव
0505 2139 चेन्नई