बंगाल का परिणाम भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों को संरक्षण देने के प्रति जनता का करारा जवाब: शाह
सुभाष
- 05 May 2026, 12:11 AM
- Updated: 12:11 AM
(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई देते हुए, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि राज्य की जनता ने घुसपैठियों और उनके समर्थकों को एक कड़ा संदेश दिया है। शाह ने यह भी रेखांकित किया कि तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले दल इस सबक को नहीं भूलेंगे।
भवानीपुर से हारने वाली निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना, शाह ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ''भवानीपुर की जनता को सलाम। उनके जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि एक अराजक शासक का क्या हश्र होता है।''
शाह ने 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में टिप्पणी की कि भारी जनादेश उन लोगों के प्रति जनता की प्रतिक्रिया है जो भय का माहौल बनाते हैं और घुसपैठियों को संरक्षण देने व तुष्टीकरण की राजनीति करने में लगे रहते हैं।
गृह मंत्री ने कहा, ''बंगाल की जनता को लाखों सलाम...यह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भय पर नरेन्द्र मोदी जी के भरोसे की जीत है। मेरे जैसे भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगा के उद्गम स्थल गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक, आज भाजपा का भगवा झंडा हर जगह शान से लहरा रहा है।''
उन्होंने बंगाल में भाजपा की ''ऐतिहासिक जीत'' को अनगिनत कार्यकर्ताओं के बलिदानों, संघर्ष और शहादत का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा, ''यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहते हुए भी भगवा झंडा नहीं छोड़ा। भाजपा की इस कठिन यात्रा में मैं उन सभी कार्यकर्ताओं, साथ ही उनके परिवारों को भी नमन करता हूं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा और यातनाएं सहीं, लेकिन अपनी विचारधारा के मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए।''
शाह ने कहा, ''बंगाल की जनता ने इस शानदार जनादेश के माध्यम से उन सभी शहीद भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की है।"
गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बंगाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर जो भरोसा दिखाया है, उससे व्यक्त हुई उम्मीदें और आकांक्षाएं पूरी की जाएंगी।
उन्होंने कहा, ''बंगाल की जनता ने घुसपैठियों और उनके समर्थकों को ऐसा सबक सिखाया है कि तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त पार्टियां इसे कभी नहीं भूल पाएंगी।''
शाह ने यह भी कहा कि भाजपा बंगाल की खोई हुई गरिमा को पुनर्स्थापित करने के लिए अथक प्रयास करेगी, जहां चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कवि गुरु (रवींद्रनाथ) टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों ने जन्म लिया।
उन्होंने 'सोनार बांग्ला' के सपने को साकार करने का संकल्प भी दोहराया।
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष
0505 0011 दिल्ली