बंगाल में भाजपा की जीत पर मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में घाटों पर बंटी 'झालमुड़ी'
किशोर, आनन्द रवि कांत
- 04 May 2026, 10:57 PM
- Updated: 10:57 PM
लखनऊ/वाराणसी, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सफलता पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गंगा के घाटों पर जश्न मनाया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयों के साथ 'झालमुड़ी' बांटकर जीत का उत्सव मनाया।
दशाश्वमेध घाट समेत प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक, खासकर महिलाएं एकत्र हुईं। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, एक-दूसरे को रंग लगाया और पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय नाश्ते 'झालमुड़ी' का वितरण किया। इस मौके पर महिलाओं ने गंगा किनारे शंखनाद और पूजा-अर्चना की। कुछ स्थानों पर 'दुग्ध अभिषेक' भी किया गया।
'झालमुड़ी' का वितरण प्रतीकात्मक रूप से पश्चिम बंगाल से जुड़ा था। बंगाल में 19 अप्रैल को चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का झाड़ग्राम की एक दुकान से झालमुड़ी खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में दुकानदार के मना करने पर भी मोदी ने पैसे देने पर जोर दिया था। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने इसे 'नाटक' करार दिया था। वहीं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 21 अप्रैल को कहा था कि प्रधानमंत्री का झालमुड़ी खरीदना बंगाल चुनावों पर असर डालेगा।
भाजपा समर्थक सुमित्रा भट्टाचार्य ने कहा, "हम सुबह ही घाट पहुंचे। पूजा और शंखनाद किया। जैसे हम वाराणसी में सुरक्षित हैं, वैसे ही कोलकाता की महिलाओं-बच्चियों को भी सुरक्षा मिले, यही कामना है।"
सुनीता आचार्य बोलीं, "हम सुबह से ही घाट पर हैं, झालमुड़ी खा रहे हैं और जीत का जश्न मना रहे हैं।"
मोदी समर्थक कंचन भट्टाचार्य ने कहा कि जिन्होंने झालमुड़ी बेचने वाले के प्रति मोदी जी की उदार भावना का मजाक उड़ाया, उन्हें बंगाल की जनता ने सबक सिखा दिया।
भाजपा समर्थक तपस्वी मित्र ने कहा, "बंगाल में परिवर्तन जरूरी था। परिवर्तन होगा तो राज्य आगे बढ़ेगा। अब तक वहां विकास नहीं हो पा रहा था।"
शहर के कई प्रमुख चौराहों और भाजपा कार्यालयों के बाहर भी कार्यकर्ता जुटे। पटाखे फोड़कर, मिठाइयां बांटकर और प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन में नारे लगाकर जश्न मनाया गया।
भाषा
किशोर, आनन्द रवि कांत
0405 2257 लखनऊ/वाराणसी