सरकार दिल्ली को पेयजल संकट से पूरी तरह मुक्त करने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर काम कर रही: गुप्ता
रंजन
- 04 May 2026, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गर्मी में जल प्रबंधन को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए सोमवार को कहा कि सरकार भविष्य में राजधानी को पेयजल संकट से पूरी तरह मुक्त करने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर काम कर रही है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी सचिवालय में गर्मी में जल प्रबंधन को लेकर हुई एक समीक्षा में बैठक में की।
बैठक में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित दिल्ली जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "भीषण गर्मी के बीच राजधानी में नागरिकों को पानी के संकट से बचाने के लिए सरकार ने पेयजल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है। जल आपूर्ति को सुचारु और संतुलित बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।"
मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली के सभी जल शोधन संयंत्रों, सोनिया विहार, भागीरथी, चंद्रावल, वजीराबाद, हैदरपुर, नांगलोई, ओखला, बावाना और द्वारका से अधिकतम उत्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि उन इलाकों की पहचान की गई है जहां पानी का अभाव है, वहां जल आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा, "गर्मियों में कार्यरत ट्यूबवेल की संख्या 5834 से बढ़ाकर 6200 कर दी गई है, टैंकरों की संख्या 1166 से बढ़ाकर 1210 की गई है, 'फिक्स्ड सप्लाई पॉइंट' की संख्या 8700 से बढ़ाकर 13000 की गई है और 'फिलिंग हाइड्रेंट्स' की संख्या 198 से बढ़ाकर 202 कर दी गई है।"
गुप्ता ने कहा कि इसके अलावा अतिरिक्त 100 टैंकरों को जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए तैयार रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए 520 अतिरिक्त ट्यूबवेल लगाए गए हैं और वर्ष 2025-26 में 172 किलोमीटर पुरानी जल पाइपलाइन को बदला गया है, जिससे जल आपूर्ति में सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के दौरान राजधानी में जल प्रबंधन को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा, "सरकार केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक समाधान पर भी समान रूप से कार्य कर रही है ताकि भविष्य में राजधानी को पेयजल संकट से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।"
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
0405 2025 दिल्ली