बंगाल में जनशक्ति की जीत हुई, असम में शानदार जनादेश : प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव परिणामों पर कहा
दिलीप
- 04 May 2026, 07:46 PM
- Updated: 07:46 PM
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में जनशक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई, जबकि असम में राजग की जीत विकास और जन-कल्याण की राजनीति के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
मोदी ने 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि बंगाल में जनता-जनार्दन ने भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है।
उन्होंने कहा, ''मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। हमारी डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी।''
प्रधानमंत्री ने कहा, ''पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा है! वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अविस्मरणीय रहेंगे। जनशक्ति की जीत हुई है और भाजपा के सुशासन की राजनीति को यहां (बंगाल) के लोगों का भरपूर आशीर्वाद मिला है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए बंगाल के अपने भाई-बहनों का हृदय से आभारी हूं।''
उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह रिकॉर्ड जीत हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं के दशकों के अथक प्रयास और संघर्षों का परिणाम है। मैं उन सभी को नमन करता हूं। उन्होंने जमीनी स्तर पर निरंतर कड़ी मेहनत की है और अनेक चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने हमारे विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया है। वे हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।''
असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली जीत पर प्रधानमंत्री ने कहा, ''असम ने एक बार फिर भाजपा-राजग को अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है!''
उन्होंने कहा कि असम विधानसभा चुनावों में भाजपा-राजग की यह जीत विकास और जन-कल्याण की राजनीति के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
मोदी ने कहा, ''मैं इस प्रचंड जनादेश के लिए असम के अपने परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम राज्य के चौतरफा विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।''
उन्होंने कहा, ''मैं भाजपा-राजग के सभी कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई देता हूं, जिन्होंने असम की भीषण गर्मी के बीच भी दिन-रात कड़ी मेहनत की। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि पिछले एक दशक में हमारी पार्टी और गठबंधन राज्य में काफी सशक्त हुआ है। उनके प्रयासों ने सुनिश्चित किया है कि हमारा सकारात्मक एजेंडा असम के लोगों के दिलों तक पहुंचे।''
प्रधानमंत्री ने राजग को एक और जीत दिलाने के लिए पुडुचेरी की जनता को भी धन्यवाद दिया।
केरल विधानसभा चुनावों पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वह दक्षिणी राज्य में भाजपा-राजग को वोट देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ''हम केरल की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते रहेंगे और 'विकासशील केरल' के सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। मैं केरल विधानसभा चुनावों में यूडीएफ की जीत पर उसे बधाई देता हूं। केंद्र सरकार केरल के लोगों की विकास संबंधी आकांक्षाओं का हमेशा समर्थन करती रहेगी।''
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में राजग का समर्थन करने वाले राज्य के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि (राज्य में अन्नाद्रमुक नीत राजग) गठबंधन हमेशा लोगों की समस्याओं के समाधान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अग्रणी रहेगा।
उन्होंने कहा, ''टीवीके को उसके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई। केंद्र सरकार तमिलनाडु की प्रगति और यहां के लोगों के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करेगी।''
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
0405 1946 दिल्ली