तमिलनाडु में इतिहास रचने की राह पर विजय; केरल में यूडीएफ सत्ता में वापसी के लिये तैयार
दिलीप
- 04 May 2026, 06:16 PM
- Updated: 06:16 PM
चेन्नई/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी, चार मई (भाषा) हाल के वर्षों के संभवत: सबसे बड़े चुनावी उलटफेर के तहत तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलागा वेत्री कषगम (टीवीके) सोमवार को द्रमुक और अन्नाद्रमुक जैसी क्षेत्रीय ताकतों को हराकर अपना पहला चुनावी मुकाबला जीतने की राह पर है। वहीं, केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) 10 साल तक विपक्ष में बैठने के बाद सत्ता में वापसी के लिए तैयार नजर आ रहा है।
हालांकि, तमिलनाडु के जिलों के बीच स्थित केंद्र-शासित प्रदेश पुडुचेरी टीवीके की "लहर" से अछूता दिखा। वहां ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाली मौजूदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की सत्ता बरकरार रहने की संभावना है।
केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए नौ अप्रैल को, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट पड़े थे। तीनों जगहों पर मतगणना सोमवार को जारी है।
ज्यादातर 'एक्जिट पोल' में तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सत्ता बरकरार रहने का अनुमान जताया गया था। हालांकि, इसके विपरीत राज्य में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी टीवीके इतिहास रचने की राह पर अग्रसर दिख रही है। पार्टी ने जिन 233 सीट पर चुनाव लड़ा, उनमें से 109 सीट पर उसके उम्मीदवार आगे हैं।
टीवीके ने तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। हालांकि, सेलम जिले के एडप्पाडी में उसके प्रत्याशी का नामांकन पत्र तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया गया था।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, टीवीके उम्मीदवारों ने तीन सीट पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 104 अन्य सीट पर पार्टी प्रत्याशियों को बढ़त हासिल है।
आयोग के अनुसार, मतगणना जारी रहने के बीच टीवीके प्रमुख विजय पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व, दोनों ही सीट पर आगे हैं।
पार्टी को अपने दम पर सरकार बनाने के लिए 118 सीट का जादुई आंकड़ा पार करना होगा।
मतगणना के शुरुआती दौर में टीवीके और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के बाद तीसरे स्थान पर खिसकी द्रमुक बाद के रुझानों में दूसरे पायदान पर आ गई। हालांकि, पार्टी प्रमुख और निर्वतमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन चेन्नई की कोलाथुर सीट पर पीछे हैं।
केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन यूडीएफ लगभग 10 साल के अंतराल के बाद सत्ता में वापसी करता दिख रहा है।
सोमवार को जारी मतगणना के बीच, कांग्रेस ने राज्य की 140 विधानसभा सीट में 36 पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 27 सीट पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। वहीं, गठबंधन सहयोगी आईयूएमएल ने आठ सीट जीत ली हैं और 14 अन्य सीट पर पार्टी उम्मीदवारों को बढ़त हासिल है।
सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को 19 सीट पर जीत मिली है, जबकि सात सीट पर उसके प्रत्याशी आगे हैं।
ज्यादातर 'एक्जिट पोल' में केरल में माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के सत्ता से हटने और यूडीएफ की सरकार बनने का अनुमान जताया गया था।
पुडुचेरी में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाली राजग सरकार के लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की संभावना है।
इस केंद्र-शासित प्रदेश में कुल 30 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 12 पर राजग उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है।
पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्नाद्रमुक भी राजग का हिस्सा हैं।
एआईएनआरसी के संस्थापक और मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने अपनी थट्टनचावडी विधानसभा सीट बरकरार रखी है।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
0405 1816 चेन्नई/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी