स्पिनरों के बाद रघुवंशी के अर्धशतक से केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद का जीत का सिलसिला तोड़ा
आनन्द
- 03 May 2026, 07:41 PM
- Updated: 07:41 PM
हैदराबाद, तीन मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने स्पिनरों चक्रवर्ती (36 रन देकर तीन विकेट) और सुनील नारायण (30 रन देकर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद अंगकृष रघुवंशी (59 रन) के अर्धशतक की बदौलत रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
फॉर्म में लौटे चक्रवर्ती और नारायण की शानदार गेंदबाजी की बदौलत केकेआर ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को 19 ओवर में महज 165 रन पर समेट दिया।
इसके बाद रघुवंशी (47 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (43 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 11 ओवर में 84 रन की साझेदारी निभाई। इससे टीम ने यह लक्ष्य 10 गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 169 रन बनाकर हासिल कर लिया। फिन एलेन ने 13 गेंद में 29 रन बनाए। रिंकू सिंह ने 11 गेंद में नाबाद 22 रन बनाकर टीम को सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार पांच जीत की लय तोड़ने में मदद की।
सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर, जबकि केकेआर सात अंक लेकर आठवें स्थान पर बरकरार है।
नारायण अपने 197वें मैच में आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले खास क्लब में शामिल हो गए। इस क्लब के अन्य सदस्य भुवनेश्वर कुमार (199 मैच में 215 विकेट) और युजवेंद्र चहल (182 मैच में 228 विकेट) हैं।
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने चौथे ओवर में ही अपने 'इम्पैक्ट' खिलाड़ी एलेन का विकेट खो दिया, तब टीम का स्कोर 49 रन था। इसके बाद रहाणे और रघुवंशी ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की।
पिछले आठ मैचों में शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करते हुए रहाणे ने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल के इस सत्र में पहली बार ऑल आउट हुई। उसके लिए ट्रेविस हेड (61 रन) ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया।
केकेआर ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने अंतिम 10 ओवर में 60 रन बनाकर नौ विकेट गंवाए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद हमेशा की तरह आक्रामक शुरुआत की। उसने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा (10 गेंद, 15 रन) का विकेट गंवाकर एक विकेट पर 77 रन बना लिए थे। पावरप्ले में टीम के स्कोर का श्रेय हेड (28 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) को जाता है।
हेड को ईशान किशन (29 गेंद, 42 रन) का अच्छा साथ मिला। यह लगातार तीसरा मैच था, जब सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले 10 ओवरों में 100 से अधिक रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 44 रन जोड़े। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 61 रन की साझेदारी की।
वैभव अरोड़ा के दूसरे ओवर में हेड ने चार चौके जड़े। हेड ने नारायण को भी नहीं बख्शा; उन्होंने तीसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया।
पारी के पांचवें ओवर में उन्होंने हमवतन कैमरन ग्रीन को भी तीन चौके जड़कर परेशान किया।
लेकिन नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर चक्रवर्ती की गेंद पर हेड के आउट होते ही सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई।
खतरनाक हेनरिक क्लासेन (11 रन) जल्दी आउट हो गए। ग्रीन की गेंद पर रोवमैन पॉवेल के शानदार कैच ने उन्हें पवेलियन पहुंचा दिया। पॉवेल ने डीप मिडविकेट पर अपनी दाईं ओर भागते हुए हवा में उछलकर अपने दाहिने हाथ से गेंद को लपक लिया। हालांकि, इस दौरान उनका सिर जमीन से टकरा गया। यह इस सत्र में क्लासेन का सबसे कम स्कोर है।
चक्रवर्ती ने अपने लगातार दो ओवरों में रविचंद्रन स्मरण और अनिकेत वर्मा को आउट कर अपने तीन विकेट पूरे किए। इस तरह चक्रवर्ती ने तीन ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट झटके।
इसके बाद वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑफ स्पिनर नारायण ने 16वें ओवर में किशन को आउट कर इस लीग में अपना 200वां विकेट लिया।
कार्तिक त्यागी ने भी 30 रन देकर दो विकेट लिए।
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द
0305 1941 हैदराबाद