दिल्ली पुलिस ने फल विक्रेता बनकर चोर को पकड़ा, 25 लाख रुपये के गहने बरामद
सुरेश
- 02 May 2026, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने दिनदहाड़े हुई चोरी के एक मामले में एक आदतन अपराधी को फल विक्रेता बनकर जाल में फंसाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद 25 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए, जिन्हें मध्य दिल्ली में एक गुप्त लॉकर में रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कलाम नदाफ (23) के रूप में हुई है, जो बिहार के दरभंगा का रहने वाला है।
उसे 28 अप्रैल को बलजीत नगर से गिरफ्तार किया गया।
यह मामला 28 अप्रैल को सुबह छह से सात बजे के बीच दक्षिण पटेल नगर स्थित एक घर में हुई चोरी की सूचना मिलने के बाद सामने आया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लोग सोने-चांदी के आभूषणों से भरा एक लॉकर और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से एक संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''मोबाइल फोन पर आये एक कॉल से अहम सुराग मिला। उसी के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया।"
जांच टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल विकास ने फल विक्रेता का वेश धारण किया और फोन लौटाने के बहाने संदिग्ध से संपर्क किया।
अधिकारियों ने बताया कि जब आरोपी निर्धारित स्थान पर पहुंचा और इनाम की पेशकश की, तो पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान पहले तो जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि उसने लॉकर, गहने और नकदी चुराई थी तथा उसके भारी वजन के कारण उसे पास की एक निर्माणाधीन इमारत में छिपा दिया था।
पुलिस ने बताया कि निशानदेही पर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में छिपाये गये लॉकर को बरामद कर लिया गया, जिसे खोलने पर लगभग 25 लाख रुपये के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, इसके अलावा नकली आभूषण और 920 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि नदाफ स्कूल छोड़ चुका है और आदतन अपराधी है, जो पहले भी दिल्ली में चोरी एवं सेंधमारी के कई मामलों में शामिल रहा है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
0205 2151 दिल्ली