बंगाल चुनाव : मतगणना से पहले तृणमूल को 200 से अधिक सीटों का भरोसा, एजेंटों को सतर्क रहने के निर्देश
सुरेश
- 02 May 2026, 09:08 PM
- Updated: 09:08 PM
कोलकाता, दो मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के मतगणना एजेंटों से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतेगी।
दोनों नेताओं ने 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंटों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक की और उन्हें निर्देश दिया कि वे मतगणना केंद्रों की स्थिति की नियमित जानकारी पार्टी नेतृत्व को देते रहें तथा प्रक्रिया पूरी होने तक वहीं मौजूद रहें।
दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की शेष तीन सीटों पर अनित थापा के नेतृत्व वाली भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने चुनाव लड़ा है।
राज्य में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना चार मई को होनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "तृणमूल कम से कम 200 से अधिक सीटें जीतेगी।"
उन्होंने मतगणना एजेंटों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों द्वारा सीटों को लेकर चलाए जा रहे "दुष्प्रचार" पर ध्यान न दें।
बनर्जी ने कहा कि मतदान या चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से केंद्रीय बलों द्वारा प्रताड़ित किए गए तृणमूल एजेंटों के साथ पार्टी खड़ी रहेगी।
तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, ममता बनर्जी ने कहा, "टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे एग्जिट पोल पर ध्यान न दें। ऐसे एग्जिट पोल का कोई मूल्य नहीं होता।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 और 2024 के एग्जिट पोल भी वास्तविक परिणामों से काफी अलग रहे थे और अधिकांश ऐसे सर्वे शेयर बाजार को प्रभावित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं।
बनर्जी ने कहा कि यदि किसी सीट पर तृणमूल उम्मीदवार 200-300 मतों के अंतर से हारता है तो मतगणना एजेंट पुनर्गणना की मांग अवश्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया, "कोई भी एजेंट मतगणना प्रक्रिया पूरी होने से पहले केंद्र नहीं छोड़े।"
अभिषेक बनर्जी ने भी मतगणना एजेंटों से बातचीत करते हुए कहा कि कम अंतर से हार की स्थिति में विशेष रूप से डाक मतपत्रों के मामले में पुनर्गणना पर बल दिया जाए।
अभिषेक ने एजेंटों को 2021 में नंदीग्राम मतगणना केंद्र पर अचानक बिजली गुल होने की घटना याद दिलाते हुए कहा, "वे (एजेंट)मतगणना केंद्रों के भीतर किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत पार्टी नेतृत्व को सूचना दें।"
बृहस्पतिवार देर शाम कोलकाता के दो मतगणना केंद्रों पर उस समय हंगामा हुआ, जब तृणमूल नेताओं ने सीलबंद ईवीएम रखे गए स्ट्रांग रूम में पारदर्शिता की कमी और संभावित गड़बड़ी का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी स्वयं सखावत मेमोरियल स्कूल मतगणना केंद्र पहुंचीं और वहां करीब चार घंटे तक रहीं।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने पहले कहा था कि मतगणना केंद्रों पर किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश
0205 2108 कोलकाता