अंडमान निकोबार प्रशासन ने पानी के भीतर सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाया
सुरेश
- 02 May 2026, 09:40 PM
- Updated: 09:40 PM
(तस्वीरों के साथ)
श्री विजय पुरम, दो मई (भाषा) अंडमान निकोबार प्रशासन ने शनिवार को राधानगर समुद्र तट पर पानी के भीतर दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर नया 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाया।
यह विशाल तिरंगा स्वराज द्वीप (हैवलॉक द्वीप) में समुद्र के भीतर एक जटिल और सटीक समन्वित अभियान के तहत फहराया गया, जिसमें कई एजेंसियों और प्रशिक्षित गोताखोरों की भागीदारी रही। इस तिरंगे की लंबाई 60 मीटर है, जबकि चौड़ाई 40 मीटर है।
उपराज्यपाल डी के जोशी, मुख्य सचिव चंद्र भूषण कुमार और पुलिस महानिदेशक एचएस धालीवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी यह कार्यक्रम देखने के लिए उपस्थित थे।
अंडमान निकोबार पुलिस, वन विभाग, भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के कर्मियों के साथ-साथ विभिन्न गोताखोरी केंद्रों के गोताखोरों ने पानी के भीतर ध्वज फहराने के इस जटिल अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
तीन स्कूली बच्चों-- फतेह जहां सिंह (16), लावन्या एरा (15) और रणविजय सिंह (14)-- 200 से अधिक गोताखोरों के बीच सबसे कम उम्र के प्रतिभागी थे।
सुबह 10:35 बजे, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णयकर्ता ऋषिनाथ ने औपचारिक रूप से इस उपलब्धि की पुष्टि की और जोशी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
जोशी ने इस उपलब्धि को द्वीपों की विशिष्ट उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए इसमें शामिल लोगों के समन्वय और समर्पण की सराहना की।
अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि साहसिक पर्यटन, समुद्री गतिविधियों और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों के लिए एक गंतव्य के रूप में अंडमान निकोबार द्वीप समूह के बढ़ते महत्व को दर्शाती है।
गुरुग्राम के श्री राम स्कूल की 12वीं कक्षा के छात्र फतेह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''समुद्री दुनिया कितनी खूबसूरत है, इसे बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है।''
लावण्या और रणविजय क्रमशः बेंगलुरु के ऋषि वैली स्कूल और दिल्ली के सरदार पटेल विद्यालय में 11वीं और 10वीं कक्षा के छात्र हैं। दोनों इस उपलब्धि को लेकर समान रूप से उत्साहित नजर आए।
उन्होंने कहा, ''पानी के नीचे अपना राष्ट्रीय ध्वज थामना सचमुच एक भावुक पल था।''
प्रशासन रविवार को स्वराज द्वीप के 'लाइटहाउस डाइव साइट' पर 'सबसे ऊंचा मानव पिरामिड' बनाने का एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेगा।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश
0205 2140 श्री विजय पुरम