एनसीईआरटी कक्षा नौ की पुस्तकों की छपाई युद्धस्तर पर करने में जुटा
सुरेश
- 01 May 2026, 08:15 PM
- Updated: 08:15 PM
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने शुक्रवार को कहा कि वह नौवीं कक्षा की नई पाठ्यपुस्तकों की छपाई युद्धस्तर पर कर रही है।
एनसीईआरटी की ओर से कहा गया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)- 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम लागू होने के बाद मांग और आपूर्ति में आए अस्थायी अंतर के उपरांत अब आपूर्ति को सामान्य किया जा रहा है।
एनसीईआरटी ने यहां जारी एक बयान में कहा कि उसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 पर आधारित कक्षा नौ की पाठ्यपुस्तकों का एक नया सेट जारी किया है। इसने दो सप्ताह पहले ही अपनी वेबसाइट पर कक्षा नौ की नई पाठ्यपुस्तकों के डिजिटल संस्करण मुफ्त में उपलब्ध करा दिए हैं।
बयान में कहा गया है, ''इन पुस्तकों की छपाई युद्धस्तर पर की जा रही है और इन्हें पूरे देश में वितरित किया जा रहा है। पाठ्यपुस्तकों की बहुत बड़ी संख्या में आवश्यकता के कारण, आपूर्ति और मांग में अस्थायी अंतर है।''
इसमें कहा गया है, ''एनसीईआरटी की स्थिति पर बारीक नजर है और इस अंतर को पाटने के लिए काम जारी है। पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति को सामान्य किया जा रहा है।''
एनसीईआरटी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक पाठ्यपुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उसकी पाठ्यपुस्तकें कई माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें देशव्यापी विक्रेता नेटवर्क और क्षेत्रीय केंद्रों पर बिक्री काउंटर शामिल हैं।
छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय का बिक्री काउंटर सप्ताहांत में भी खुला रहता है।
ये पुस्तकें एनसीईआरटी के आधिकारिक पोर्टल और ई-कॉमर्स मंच पर ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं। बयान में कहा गया है कि पुस्तकों की सामग्री एनसीईआरटी की वेबसाइट, दीक्षा और ई-पाठशाला पोर्टल पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।
एनसीईआरटी ने कहा कि वह थोक में ऑर्डर देने वाले स्कूलों और संस्थानों को सीधे पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा रहा है।
पाठ्यपुस्तकें प्राप्त करने में कठिनाई का सामना कर रहे विद्यार्थियों और संस्थानों से कहा गया है कि वे एनसीईआरटी के प्रकाशन विभाग से संपर्क कर सकते हैं या 'पीएम ईविद्या आईवीआरएस' हेल्पलाइन नंबर 8800440559 का उपयोग कर सकते हैं।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश
0105 2015 दिल्ली