भर्ती गतिविधियां अप्रैल में छह प्रतिशत बढ़ीं, बीमा क्षेत्र शीर्ष पर: रिपोर्ट
रमण
- 01 May 2026, 07:45 PM
- Updated: 07:45 PM
मुंबई, एक मई (भाषा) देश में दफ्तरों में नौकरी करने वालों की नियुक्तियों में चालू वित्त वर्ष के अप्रैल महीने में सालाना आधार पर छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
'नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स' नामक रिपोर्ट के अनुसार, बीमा क्षेत्र 21 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ नियुक्तियों के मामले में सबसे आगे रहा। इसके बाद बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ)/ सूचना प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाएं (आईटीईएस) (15 प्रतिशत), रियल एस्टेट (12 प्रतिशत), स्वास्थ्य सेवा (11 प्रतिशत) और शिक्षा (नौ प्रतिशत) का स्थान रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, दूरसंचार और बैंकिंग क्षेत्रों में पिछले चार महीनों से जारी गिरावट का सिलसिला बना रहा। अप्रैल में इन क्षेत्रों में नियुक्तियां क्रमशः 11 प्रतिशत और 10 प्रतिशत तक गिर गईं। वहीं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), दवा और वाहन क्षेत्रों में भर्ती गतिविधियां लगभग स्थिर रहीं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 'वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) में भर्तियों में अप्रैल के दौरान चार प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
यह मासिक सूचकांक देश के नौकरी बाजार और भर्ती रुझानों को दर्शाता है।
रिपोर्ट में भौगोलिक आधार पर प्रमुख महानगरों में दक्षिणी शहरों का दबदबा रहा। हैदराबाद में 12 प्रतिशत, बेंगलुरु में सात प्रतिशत और चेन्नई में छह प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर में तीन प्रतिशत की सीमित वृद्धि रही, कोलकाता लगभग स्थिर (एक प्रतिशत) रहा, जबकि मुंबई तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ एकमात्र प्रमुख महानगर रहा जहां नकारात्मक रुख देखने को मिला।
महानगरों के बाहर, जयपुर (12 प्रतिशत), कोयंबटूर (11 प्रतिशत) और अहमदाबाद (सात प्रतिशत) जैसे उभरते शहरों में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जिससे मझोले शहरों (टियर-2) शहरों में भर्ती मांग के विस्तार का संकेत मिलता है।
नौकरी डॉट कॉम के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हितेश ओबेरॉय ने कहा, "भर्ती गतिविधिों में गति बनी हुई है और जॉबस्पीक इंडेक्स में सालाना आधार पर छह प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। बीमा, रियल एस्टेट और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्र इस वृद्धि को गति दे रहे हैं।"
भाषा योगेश रमण
रमण
0105 1945 मुंबई