एनसीबी मादक पदार्थ तस्कर सलीम डोला को दिल्ली से मुंबई लेकर आई
माधव
- 29 Apr 2026, 10:02 PM
- Updated: 10:02 PM
मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी एवं कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को बुधवार शाम स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दिल्ली से मुंबई लाया गया। इससे एक दिन पहले दिल्ली की एक अदालत ने एजेंसी को उसके ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी थी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, डोला को भारी संख्या में पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 से बाहर निकाला गया तथा दक्षिण मुंबई स्थित एनसीबी कार्यालय ले जाया गया।
अधिकारी के अनुसार, उसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एनसीबी ने मंगलवार को डोला को तुर्किये से वापस लाने में सफलता हासिल की और उसे दिल्ली लाया गया।
डोला (59) को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था। वह भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में वांछित था और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बच रहा था।
दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को एनसीबी को डोला को मुंबई ले जाने के लिए दो दिन के ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी।
गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसके दो दशक लंबे आपराधिक इतिहास में महाराष्ट्र और गुजरात में हेरोइन, चरस, मेफेड्रोन, मैंड्रैक्स और मेथम्फेटामाइन की कई खेपों की जब्ती से जुड़े मामलों में उसकी प्रत्यक्ष संलिप्तता शामिल है।
डोला कई मामलों में वांछित था, जिनमें 252 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन ज़ब्ती का मामला भी शामिल है, जिसमें मुंबई पुलिस ने पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक विनिर्माण इकाई पर छापा मारकर मादक पदार्थ रैकेट का भंडाफोड़ किया था।
मामले की जांच के दौरान उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले, डोला के बेटे ताहिर सलीम डोला को गिरोह के मुस्तफा मोहम्मद कुब्बावाला और मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल उर्फ लाविस शेख जैसे अन्य सदस्यों के साथ पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से निर्वासित किए जाने के बाद मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
अधिकारियों ने कहा कि डोला की पत्नी और बेटी वर्तमान में दुबई में हैं।
उन्होंने कहा कि डोला को एनसीबी हिरासत के बाद संभवतः जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव
2904 2202 मुंबई