रात्रिभोज में घुसने की कोशिश करने वाले आरोपी के निशाने पर थे प्रशासनिक अधिकारी : ट्रंप
देवेंद्र
- 26 Apr 2026, 10:46 PM
- Updated: 10:46 PM
वाशिंगटन, 26 अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि व्हाइट हाउस संवाददाता संघ (डब्ल्यूएचसीए) के रात्रिभोज में हथियारों के साथ घुसने की कोशिश करने वाला आरोपी ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था और उसके परिवार ने पहले ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष इसे लेकर चिंता जताई थी।
'फॉक्स न्यूज चैनल' को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने बताया कि आरोपी के परिवार ने कनेक्टिकट पुलिस को पहले ही सचेत किया था। यह घटना शनिवार रात वाशिंगटन के प्रतिष्ठित वार्षिक समारोह के दौरान हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे सोमवार को अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।
न्याय विभाग के कार्यवाहक प्रमुख टोड ब्लैंच ने बताया कि आरोपी ट्रेन से कैलिफोर्निया से वाशिंगटन आया था और कार्यक्रम से कुछ दिन पहले ही उस होटल में ठहरा था, जहां यह समारोह आयोजित किया गया था।
जांच एजेंसियों ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच और उसके लिखित नोट के आधार पर प्रारंभिक रूप से माना है कि वह समारोह में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था।
आरोपी ने वाशिंगटन हिल्टन के विशाल बॉलरूम में घुसने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान गोली चलने की घटना भी हुई, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई, ट्रंप को मंच से हटाया गया और मेहमानों ने मेजों के नीचे शरण ली।
टोड ब्लैंच 'मीट द प्रेस' से कहा, "ऐसा प्रतीत होता है कि वह प्रशासन में काम करने वाले लोगों संभवतः राष्ट्रपति सहित प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था।"
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पिछले कुछ वर्षों में दो आग्नेयास्त्र खरीदे थे और वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। उसे कई आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रंप द्वारा साझा किए गए वीडियो में आरोपी को सुरक्षा अवरोधक पार करते हुए देखा गया, जबकि सीक्रेट सर्विस एजेंट उसकी ओर दौड़ते नजर आए। इस दौरान एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन वह बुलेट-प्रूफ जैकेट पहनने के कारण सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसे अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के लिए रखा गया है।
आरोपी ने घटना से कुछ मिनट पहले अपने परिजनों को भेजे गए संदेशों में खुद को "फ्रेंडली फेडरल असैसिन" बताया और डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, वाशिंगटन हिल्टन में गोली चलने से ठीक पहले भेजे गए इन संदेशों में राष्ट्रपति का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया, लेकिन कई बार उनका संदर्भ दिया गया और प्रशासन की विभिन्न नीतियों तथा हालिया घटनाओं-जैसे पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं पर अमेरिकी कार्रवाई को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया।
जांचकर्ता इन संदेशों, सोशल मीडिया पोस्ट और परिजनों से हुई पूछताछ को आरोपी की मानसिक स्थिति और संभावित मकसद के महत्वपूर्ण सबूत के रूप में देख रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के सोशल मीडिया खातों से भी ट्रंप विरोधी कई पोस्ट सामने आए हैं।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी के भाई ने ये संदेश मिलने के बाद कनेक्टिकट के न्यू लंदन में पुलिस से संपर्क किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद संघीय एजेंसियों को सूचित किया गया।
संघीय एजेंटों ने मैरीलैंड में उसकी बहन से भी पूछताछ की, जिसने बताया कि आरोपी ने कैलिफोर्निया की बंदूक की एक दुकान से कानूनी रूप से कई हथियार खरीदे थे और उन्हें टॉरेंस स्थित अपने माता-पिता के घर में उनकी जानकारी के बिना रखा था।
अधिकारी ने बताया कि उसकी बहन के अनुसार, आरोपी अक्सर कट्टरपंथी बयान देता था।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने अक्टूबर 2023 में .38 कैलिबर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और दो साल बाद 12-बोर शॉटगन खरीदी थी। अधिकारियों ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी के निशाने कितने विशिष्ट थे।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि उसका गुस्सा केवल ट्रंप और उपराष्ट्रपति तक सीमित था या पूरे प्रशासन के प्रति व्यापक विरोध का हिस्सा था।
अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि वे चल रही जांच पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं हैं।
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित एक हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।
बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद मेहमान अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। कई लोगों ने बताया कि भूमिगत विशाल 'बॉलरूम' के बाहर गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं।
एपी रवि कांत रवि कांत देवेंद्र
देवेंद्र
2604 2246 वाशिंगटन