एनएचआरसी ने तमिलनाडु सरकार को नोटिस जारी कर पटाखा फैक्टरी विस्फोट में मौत पर रिपोर्ट मांगी
अविनाश
- 24 Apr 2026, 08:55 PM
- Updated: 08:55 PM
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने विरुधुनगर की एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से कई लोगों की मौत होने के सिलसिले में तमिलनाडु सरकार एवं जिले के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।
स्थानीय पुलिस ने कहा था कि 19 अप्रैल को विरुधुनगर के पास पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट होने के कारण 23 लोगों की जलने से मौत हो गई और कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक बयान में कहा है कि उसने इस खबर का स्वतः संज्ञान लिया है कि तमिलनाडु में विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से कई श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
आयोग ने कहा, ''खबरों के मुताबिक, 19 अप्रैल को जब यह घटना घटी, तब परिसर में महिलाओं समेत 100 से अधिक मजदूर मौजूद थे। जिले में हाल में इसी तरह की एक अन्य घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी।''
आयोग ने कहा है कि यदि यह समाचार सच है, तो इससे पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के मुद्दे उठते हैं।
उसने कहा कि इसलिए उसने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और विरुधुनगर के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
एक अलग बयान में, आयोग ने छत्तीसगढ़ के एक तापविद्युत संयंत्र में 14 अप्रैल को विस्फोट होने पर रिपोर्ट मांगी है। इस विस्फोट में 13 श्रमिकों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे।
आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया। उसने कहा कि रिपोर्ट में प्रभावित श्रमिकों के परिवारों को मुआवजे की स्थिति और घायलों के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी होनी चाहिए।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक अन्य खबर का भी स्वतः संज्ञान लिया, जिसमें कहा गया है कि 15 अप्रैल को ओडिशा के गजपति जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का लोहे का गेट गिरने से दो छात्राओं की मौत हो गई।
खबरों के मुताबिक, यह घटना तब घटी जब लड़कियां स्कूल के प्रवेश द्वार के पास खेल रही थीं।
एनएचआरसी ने ओडिशा के मुख्य सचिव और गजपति के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर उनसे दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश
2404 2055 दिल्ली