भाजपा सांसद ने कांग्रेस के जीतने पर विकास निधि रोकने का दावा किया, विपक्षी दल ने आयोग को शिकायत दी
नरेश
- 22 Apr 2026, 07:37 PM
- Updated: 07:37 PM
अहमदाबाद, 22 अप्रैल (भाषा) गुजरात में 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले, भाजपा सांसद मितेश पटेल की उस कथित धमकी वाली टिप्पणी पर विवाद छिड़ गया है कि अगर मतदाता अंकलाव कस्बे में कांग्रेस के उम्मीदवारों को चुनते हैं तो विकास निधि रोक दी जाएगी।
कांग्रेस की गुजरात इकाई ने बुधवार को पटेल के खिलाफ दो दिन पहले की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) में शिकायत दर्ज कराई।
विपक्षी दल ने स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर मध्य गुजरात के आणंद से सांसद पटेल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पटेल ने सोमवार रात आणंद जिले के अंकलाव कस्बे में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में एक चुनावी सभा में ये विवादास्पद टिप्पणी की।
एक वीडियो में सत्ताधारी दल के सांसद पटेल को यह कहते सुना जा सकता है कि अतीत में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के साथ भेदभाव किया और उन्हें विकास कार्यों के लिए निधि देने से इनकार कर दिया, निकाय चुनाव जीतने पर कांग्रेस नेताओं के साथ भी ऐसा ही होना चाहिए।
पटेल ने जनसभा में कहा, ''भाजपा सदस्यों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों को (कांग्रेस शासन के दौरान) नजरअंदाज कर दिया गया, जिसके कारण वे मतदाताओं से किए गए वादों को पूरा करने में असमर्थ रहे। अगर अंकलाव से कांग्रेस का एक भी सदस्य जीतता है, तो हम उन्हें अनुदान के रूप में एक रुपया भी नहीं देंगे, मैं मंच से इसकी घोषणा कर रहा हूं।''
कांग्रेस ने एसईसी को दी गई अपनी शिकायत में आयोग का ध्यान पटेल की टिप्पणियों की ओर दिलाया।
शिकायत में कहा गया, ''20 अप्रैल को मंच से दिए अपने भाषण में आणंद के सांसद मितेशभाई पटेल ने कहा था, 'अगर अंकलाव तालुका से कांग्रेस के सदस्य चुने जाते हैं, तो उन्हें अनुदान नहीं दिया जाना चाहिए,' और राज्य सरकार के सहयोग से हम अंकलाव तालुका को अपने तरीके से चलाएंगे।''
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सांसद ने अपनी टिप्पणियों के माध्यम से मतदाताओं को यह धमकी देकर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की कोशिश की कि यदि वे कांग्रेस को वोट देते हैं और उसके उम्मीदवार विजयी होते हैं तो उन्हें विकास निधि से वंचित कर दिया जाएगा।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
2204 1937 अहमदाबाद